MENU

विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने काशी में कसी संगठन की कमर, पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां



 08/Sep/26

काशी क्षेत्र कार्यसमिति की पहली बैठक में बूथ स्तर तक अभियानों को पहुंचाने पर जोर, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

 विधानसभा चुनाव में छह महीने से भी कम समय शेष रहने के बीच भारतीय जनता पार्टी ने काशी क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को रोहनिया स्थित भाजपा कार्यालय में भाजपा काशी क्षेत्र कार्यसमिति की प्रथम बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी अभियानों और कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने, पदाधिकारियों के नियमित प्रवास और संगठनात्मक कार्यों के लिए जिम्मेदारियों के स्पष्ट विभाजन पर जोर दिया गया।

बैठक के मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल तथा विशिष्ट अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह रहे। अध्यक्षता काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने की, जबकि संचालन महामंत्री अनूप जायसवाल ने किया।

बैठक की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। कार्यक्रम के प्रारंभ में राष्ट्रगीत वंदेमातरम् और समापन पर राष्ट्रगान जन गण मन का सामूहिक गायन हुआ।

बूथ स्तर तक पहुंचेगा पार्टी का अभियान

बैठक में काशी क्षेत्र के पदाधिकारियों और कार्यसमिति सदस्यों ने अपने वर्तमान एवं पूर्व दायित्वों का परिचय दिया। मुख्य अतिथि जगदीश पटेल ने कहा कि काशी क्षेत्र की वर्तमान टीम में वरिष्ठ, अनुभवी और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और समय सीमित है। ऐसे में पार्टी के सभी कार्यक्रमों और अभियानों का बूथ स्तर तक प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

जगदीश पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है। पार्टी प्रत्येक वर्ष इस अवसर को सेवा भाव के साथ मनाती है। इस बार इसे विशेष रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी क्रम में पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।

उन्होंने क्षेत्रीय पदाधिकारियों से अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी तरीके से आयोजित कराने का आह्वान किया।

दायित्व मिलने के साथ बढ़ जाती है जिम्मेदारी: रमेश सिंह

प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह ने कहा कि संगठन में दायित्व मिलने के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। कार्यकर्ता अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाओं में काम करते हैं। उन्होंने कहा कि जब पार्टी सरकार में होती है तो जनता की अपेक्षाएं भी अधिक होती हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करने का आह्वान किया। रमेश सिंह ने कहा कि भाजपा और सरकार जनकल्याण की भावना से काम कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए समाज के सभी वर्गों के साथ मिलकर काम करने की अपील की।

कार्य विभाजन से बढ़ती है कार्यक्षमता: अशोक चौरसिया

काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि विधानसभा चुनाव में छह महीने से भी कम समय बचा है। ऐसे में सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है कि पार्टी के कार्यक्रमों और अभियानों को संगठन की निचली इकाई तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।

उन्होंने पदाधिकारियों को नियमित प्रवास करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्य विभाजन से दायित्व का बोध होता है, कार्यक्षमता बढ़ती है और निर्धारित कार्यों का बेहतर तरीके से निष्पादन सुनिश्चित होता है।

क्षेत्रीय पदाधिकारियों को मिला अलग-अलग प्रभार

अशोक चौरसिया ने संगठन के कार्यों को गति देने के लिए क्षेत्रीय पदाधिकारियों के बीच कार्य विभाजन किया। इसके तहत—

  • विपिन सिंह को प्रोटोकॉल का प्रभार।

  • अनिता त्रिपाठी को महिला मोर्चा।

  • सर्वेश कुशवाहा को अल्पसंख्यक मोर्चा।

  • अनिल श्रीवास्तव को वाराणसी लोकसभा में होने वाले कार्यक्रमों की जिम्मेदारी।

  • सुनील पटेल को किसान मोर्चा।

  • अमित राय को ओबीसी मोर्चा एवं सर्किट हाउस।

  • भानू प्रताप सिंह को एससी मोर्चा।

  • राकेश शर्मा को एसटी मोर्चा।

  • नवरतन राठी को प्रवक्ता का प्रभार सौंपा गया।

नवरतन राठी प्रवक्ता की जिम्मेदारी के साथ मीडिया विभाग के कार्यों की मॉनिटरिंग भी करेंगे। वहीं क्षेत्र महामंत्री अनूप जायसवाल को ‘मन की बात’ कार्यक्रम, क्षेत्र मंत्री प्रवीण सिंह गौतम को कार्यालय, क्षेत्र मंत्री रामसुंदर निषाद को संगठनात्मक बैठकों और क्षेत्र मंत्री राजेश राजभर को युवा मोर्चा का प्रभार दिया गया।

वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यसमिति सदस्य रहे मौजूद

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष कृतिका अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल, प्रदेश मंत्री राकेश बिंद, प्रदेश मंत्री कविता पटेल, विद्याधर तिवारी, नवरतन राठी, अनूप जायसवाल, अनिल अग्रवाल, राकेश शर्मा, प्रवीण सिंह गौतम, जगदीश त्रिपाठी, उत्तम ओझा और संतोष सोलापुरकर सहित काशी क्षेत्र के पदाधिकारी एवं कार्यसमिति सदस्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

1292


सबरंग