सिगरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक गुमशुदा किशोरी को महज दो घंटे के भीतर सकुशल खोजकर उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की तत्परता से किशोरी के परिजनों ने राहत की सांस ली और वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस की सराहना की।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को सिगरा थाने पर सूचना मिली कि एक नाबालिग किशोरी परिजनों से नाराज होकर घर से निकल गई है। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
परिजनों से सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक सिगरा शिवाकांत मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लल्लापुरा चौकी प्रभारी महिला उपनिरीक्षक प्रीति गुप्ता को किशोरी की तलाश के लिए निर्देशित किया।
पुलिस टीम ने तत्काल सक्रिय होकर CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से किशोरी की तलाश शुरू की। टीम की तत्परता के चलते सूचना मिलने के करीब दो घंटे के भीतर किशोरी को सकुशल खोज लिया गया।
इसके बाद पुलिस ने किशोरी को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। किशोरी के सकुशल मिलने पर परिजनों ने सिगरा पुलिस का आभार जताते हुए कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस की कार्यप्रणाली और त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की।
इस सराहनीय कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा, लल्लापुरा चौकी प्रभारी महिला उपनिरीक्षक प्रीति गुप्ता, उपनिरीक्षक नरायन जी यादव, आरक्षी अमित यादव, आरक्षी अंकित भारती और आरक्षी हेमंत कुमार शामिल रहे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर यह दिखाया कि गुमशुदगी की सूचना मिलने पर शुरुआती समय में सक्रियता और तकनीकी संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल कितना महत्वपूर्ण है।