वाराणसी, 6 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश सरकार के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल रविवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) पहुंचे और पद्मश्री से सम्मानित वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. टी.के. लहरी का कुशलक्षेम जाना। डॉ. लहरी अस्वस्थ होने के कारण बीएचयू में उपचाराधीन हैं।
मंत्री रविंद्र जायसवाल बीएचयू की नई बिल्डिंग के पांचवें तल स्थित वार्ड में पहुंचे, जहां उन्होंने डॉ. लहरी से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने उपचार में जुटे चिकित्सकों से भी डॉ. लहरी की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति, उपचार की प्रगति और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान डॉ. टी.के. लहरी ने मंत्री से बातचीत करते हुए अपने साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने से स्पष्ट रूप से इनकार किया। इसके बावजूद, डॉ. लहरी से जुड़े पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने मामले की तथ्यात्मक जांच के निर्देश दिए।
मंत्री रविंद्र जायसवाल ने बीएचयू के चीफ प्राक्टर, आईएमएस निदेशक और डीसीपी की तीन सदस्यीय टीम गठित कर पूरे प्रकरण की जांच करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए।
मंत्री ने बीएचयू प्रशासन और चिकित्सकों को निर्देशित किया कि डॉ. टी.के. लहरी को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उनके उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहने पाए। उन्होंने नियमित रूप से उनके स्वास्थ्य की निगरानी करने तथा आवश्यकता के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों और अन्य आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
रविंद्र जायसवाल ने कहा कि वरिष्ठ चिकित्सक एवं पद्मश्री से सम्मानित डॉ. टी.के. लहरी के स्वास्थ्य को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उनके इलाज और देखभाल के लिए हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
डॉ. टी.के. लहरी चिकित्सा क्षेत्र में अपने उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री सम्मान से सम्मानित हो चुके हैं। उनके बीएचयू में उपचाराधीन होने की जानकारी के बाद चिकित्सा जगत और उनके शुभचिंतकों में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है।
मंत्री ने डॉ. लहरी से मुलाकात के बाद उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि उनके अनुभव एवं योगदान का समाज के लिए विशेष महत्व है।
इस दौरान बीएचयू के चीफ प्राक्टर, डीसीपी, थाना प्रभारी लंका, पार्षद रोहित मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं लोग मौजूद रहे।