MENU

शिक्षक दिवस पर सपा का प्रदर्शन, 26 हजार स्कूल खोलने की मांग



 06/Sep/26

अखिलेश यादव के आह्वान पर चंदौली में कार्यक्रम, मनोज सिंह डब्लू ने शिक्षकों का किया सम्मान; सरकारी स्कूलों की स्थिति पर भाजपा सरकार को घेरा

चंदौली। शिक्षक दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी ने सरकारी शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे को लेकर चंदौली में भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध जताया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर पार्टी की टीम सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के ककरही-मनराजपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंची। यहां सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने शिक्षकों का सम्मान किया और ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा की।

26 हजार सरकारी स्कूल बंद होने का आरोप

पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने आरोप लगाया कि प्रदेश में करीब 26 हजार सरकारी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसका सबसे अधिक असर गरीब और पीडीए समाज के बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है। सपा नेता ने इसे भाजपा सरकार की सोची-समझी नीति बताते हुए सरकारी स्कूलों को बचाने की जरूरत पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के कमजोर होने से गरीब बच्चों के शिक्षा के अधिकार पर संकट खड़ा हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बंद पड़े सरकारी स्कूलों को दोबारा खोला जाएगा। जहां आवश्यकता होगी, वहां नए विद्यालय भी स्थापित किए जाएंगे।

शिक्षकों की कमी दूर करने और भर्ती का किया वादा

मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे शिक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

सपा नेता ने दावा किया कि जिस प्राथमिक विद्यालय में लंबे समय से पढ़ाई नहीं हो रही थी, वहां उनके कार्यक्रम की जानकारी मिलने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) के निर्देश पर शिक्षकों को भेजा गया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान बच्चों को भी विद्यालय बुलाकर शिक्षक दिवस मनाया गया।

मनोज सिंह डब्लू ने तंज कसते हुए कहा कि यदि समाजवादी पार्टी के नेताओं के पहुंचने की जानकारी मिलने पर ही शिक्षक विद्यालय पहुंचेंगे, तो वे रोज स्कूल पहुंचकर पढ़ाई शुरू कराने का काम करेंगे।

‘सरकारी शिक्षा को बचाएगी समाजवादी सरकार’ का नारा

कार्यक्रम के दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने “सुनो पाठशाला की पुकार, सरकारी शिक्षा को बचाएगी समाजवादी सरकार” का नारा लगाया। पार्टी नेताओं ने कहा कि सरकारी शिक्षा व्यवस्था और गरीब बच्चों की पढ़ाई के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

सपा नेता राकेश कुशवाहा ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जहां आवश्यकता होगी, वहां नए स्कूल खोले जाएंगे और सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण रहे मौजूद

कार्यक्रम में अमरनाथ यादव (पूर्व प्रवक्ता उदय प्रताप कॉलेज), विधानसभा अध्यक्ष रामजनम यादव, हरदेव मौर्य, राजनाथ सिंह, बृजेश प्रधान, रामदुलारे यादव, भैरव खरवार, रमेश यादव, पप्पू शर्मा, भागवत गोंड, दयाराम, जगमेंद्र, फौजदार राम, केदार प्रसाद, ओमप्रकाश खरवार, अशोक कुमार सिंह, गामा यादव समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संतोष उपाध्याय ने किया।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

1958


सबरंग