MENU

काशी की पहली गेटेड सिटी ‘आनंद काशी’ में 1,004 आवासीय प्लॉट



 04/Sep/26

RERA पंजीकरण अंतिम चरण में, अगले सप्ताह से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने की संभावना; आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित होगी टाउनशिप

वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) द्वारा कल्लीपुर क्षेत्र में विकसित की जा रही काशी की थीम पर आधारित पहली समेकित गेटेड सिटी ‘आनंद काशी आवासीय योजना (फेज-1)’ अब आकार लेने लगी है। योजना के RERA अनुमोदन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और अगले सप्ताह से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना है। प्राधिकरण ने योजना के विकास कार्यों और आगामी कार्ययोजना को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा की।

लगभग 4,56,398.69 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी योजना में कुल 1,004 आवासीय प्लॉट विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा तीन ग्रुप हाउसिंग भूखंड, 108 व्यावसायिक भूखंड, एक शैक्षणिक भूखंड, एक हेल्थकेयर भूखंड, एक कम्युनिटी सेंटर, दो यूटिलिटी भूखंड और 18 हरित क्षेत्र के पैच प्रस्तावित हैं।

आवासीय भूखंडों को 72, 162, 200 और 288 वर्ग मीटर की चार श्रेणियों में विकसित किया जा रहा है। बेहतर आवागमन के लिए टाउनशिप में 24, 18, 12 और 9 मीटर चौड़ी सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ जलापूर्ति, सीवरेज, विद्युत व्यवस्था और वर्षा जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास भी विभिन्न चरणों में जारी है।

2 हेक्टेयर का केंद्रीय पार्क होगा आकर्षण

आनंद काशी टाउनशिप में करीब 2 हेक्टेयर यानी 4.94 एकड़ क्षेत्रफल में केंद्रीय पार्क विकसित किया जा रहा है। पार्क में नटराज प्रतिमा और जल फव्वारे से सुसज्जित केंद्रीय प्लाजा के साथ ओपन लॉन, एम्फीथिएटर, चिल्ड्रन प्ले एरिया, मेडिटेशन गार्डन, सीनियर सिटीजन जोन, फ्लावर गार्डन, जॉगिंग ट्रैक और पैदल पथ जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं।

पार्क के आसपास पैदल-अनुकूल मार्केट प्लाजा और व्यावसायिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। टाउनशिप को पार्क से जोड़ने के लिए चार प्रमुख पैदल प्रवेश द्वार भी प्रस्तावित हैं।

3.71 एकड़ में विकसित होगा मियावाकी वन

योजना में पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी गई है। टाउनशिप की बाउंड्री के समीप करीब 3.71 एकड़ क्षेत्रफल में मियावाकी पद्धति से सघन वन विकसित करने का निर्णय लिया गया है। योजना में न्यूनतम 15 प्रतिशत क्षेत्रफल हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

VDA के उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने कहा कि आनंद काशी आवासीय योजना आधुनिक नगरीय सुविधाओं, सुव्यवस्थित आवासीय विकास और पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखकर विकसित की जा रही प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी परियोजना है। काशी की सांस्कृतिक एवं वैदिक विरासत की थीम को आधुनिक सुविधाओं के साथ जोड़ते हुए यहां पर्यावरण-अनुकूल और सुव्यवस्थित आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

प्राधिकरण के अनुसार, योजना का RERA पंजीकरण अंतिम चरण में है और शीघ्र ही पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य है। लगभग 30 वर्षों के बाद विकसित की जा रही इस समेकित गेटेड सिटी को वाराणसी में आधुनिक आवासीय विकास की महत्वपूर्ण परियोजना के रूप में देखा जा रहा है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

8734


सबरंग