समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने चंदौली में किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदेश और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने जिला मुख्यालय स्थित PWD गेस्ट हाउस में प्रभावित किसानों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
सांसद ने विंध्य एक्सप्रेसवे से प्रभावित किसानों की समस्याओं पर जिला प्रशासन को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावित किसानों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है और उन्हें सहायता एवं मुआवजा मिलने में देरी हो रही है। उन्होंने किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
वीरेंद्र सिंह ने सकलडीहा और सदर तहसील क्षेत्र के दर्जनों गांवों में बाढ़ की स्थिति का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने धुस नोनार ड्रेन और गड़ई नदी की खुदाई में कथित अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि उचित जलनिकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
सांसद ने कहा कि बाढ़ के कारण किसानों की धान की फसल बर्बाद हो गई है। उन्होंने प्रभावित किसानों को तत्काल सूखा राशन उपलब्ध कराने के साथ ही फसल क्षति का उचित मुआवजा देने की मांग की।
इस दौरान सांसद ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने भाजपा पर राजनीतिक मुद्दों में सेना का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि जब भाजपा सरकारें जनता से जुड़े मुद्दों पर घिरती हैं तो ध्यान भटकाने के लिए सेना से जुड़े विषयों को सामने लाया जाता है।
वीरेंद्र सिंह ने टोल प्लाजा पर कथित फर्जी सॉफ्टवेयर के जरिए धन वसूली का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि इस मामले की जानकारी वर्ष 2025 में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को दी गई थी। सांसद ने इस मामले की भी जांच और कार्रवाई की मांग की।
सांसद ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर वह लगातार आवाज उठाते रहेंगे और जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों के सामने मामला मजबूती से रखा जाएगा।