MENU

कमलापति त्रिपाठी की 121वीं जयंती पर ललितेश पति त्रिपाठी का बड़ा बयान, बोले- 2027 में चंदौली से बहेगी बदलाव की बयार



 03/Sep/26

पूर्व विधायक ने कहा- 90 साल बाद भी चंदौली की जनता के बीच मौजूद हैं परदादा के विकास कार्यों की यादें, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

चंदौली। पूर्व मुख्यमंत्री पंडित कमलापति त्रिपाठी की 121वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में उनके प्रपौत्र और पूर्व विधायक ललितेश पति त्रिपाठी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पंडित कमलापति त्रिपाठी के राजनीतिक जीवन और चंदौली में उनके योगदान को याद करते हुए आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा दावा किया।

ललितेश पति त्रिपाठी ने कहा कि करीब 90 साल बाद भी चंदौली की जनता के बीच उनके परदादा के राजनीतिक और विकास कार्यों की यादें मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि चंदौली की जनता से उनका पारिवारिक संबंध है और वह कहीं भी रहें, यह रिश्ता हमेशा कायम रहेगा।

उन्होंने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कई इंजन की सरकार भी उनके परदादा द्वारा कराए गए विकास कार्यों को आगे नहीं बढ़ा पाई। उन्होंने कहा कि करीब 70 साल पहले बांधों को सजाने-संवारने में जो ईंटें लगाई गई थीं, वे आज भी उसी तरह मौजूद हैं।

भाजपा सरकार पर निशाना, शिलान्यास-लोकार्पण को लेकर उठाए सवाल

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में शिलान्यास, लोकार्पण और ध्वस्तीकरण एक साथ हो रहा है। उन्होंने विकास कार्यों की स्थायित्व और गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए।

2027 चुनाव को लेकर बड़ा दावा

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर ललितेश पति त्रिपाठी ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव बदलाव का इतिहास लिखेगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के पूर्वी छोर चंदौली से बदलाव की बयार बहेगी।

उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन 2027 में भाजपा को उत्तर प्रदेश से और 2029 में देश से हटाने के लिए राजनीतिक रूप से काम करेगा।

टीएमसी में टूट पर भाजपा को घेरा

टीएमसी में टूट और सांसदों के पाला बदलने के सवाल पर ललितेश पति त्रिपाठी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि चर्चा सांसदों के बिकने की नहीं, बल्कि लोकतंत्र की हत्या करने वाले खरीददारों की होनी चाहिए।

 

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

7034


सबरंग