MENU

CP मोहित अग्रवाल ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर फहराया तिरंगा, 100 मॉडीफाइड फैंटम बाइक को दिखाई हरी झंडी



 15/Aug/26

वाराणसी, 15 अगस्त 2026। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रिजर्व पुलिस लाइन्स, कमिश्नरेट वाराणसी में ध्वजारोहण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। कार्यक्रम के बाद सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस को केवल उत्सव का दिन न मानकर देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पुनः संकल्प लेने का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने का अधिकार नहीं देती, बल्कि संविधान के प्रति निष्ठा और उसके मूल्यों की रक्षा का दायित्व भी देती है।

उन्होंने कहा कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को पुलिसकर्मियों को अपने आचरण का आधार बनाना चाहिए, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक भी बिना भेदभाव के न्याय और सुरक्षा पहुंच सके। प्रत्येक नागरिक के मन में यह विश्वास होना चाहिए कि पुलिस उसके अधिकारों की रक्षक है।

काशी को मिली 100 मॉडीफाइड फैंटम बाइक की सौगात

स्वतंत्रता दिवस पर काशीवासियों को पुलिसिंग के क्षेत्र में नई सौगात देते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने 100 मॉडीफाइड फैंटम बाइक दस्ते को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह फैंटम बाइक दस्ता प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और महत्वपूर्ण स्थानों पर सक्रिय रहेगा। इससे पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने के साथ आमजन को मौके पर ही त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

नई व्यवस्था के तहत नागरिकों को प्रत्येक छोटी-बड़ी शिकायत के लिए तत्काल थाना या चौकी जाने की आवश्यकता नहीं होगी। मौके पर तैनात फैंटम पुलिसकर्मियों से नागरिक अपनी समस्या या शिकायत साझा कर सकेंगे, जिस पर पुलिस द्वारा आवश्यक सहायता और कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

नवीन लुक में तैयार इन मॉडीफाइड फैंटम बाइकों पर विशेष फैंटम बाइक नंबर और संपर्क मोबाइल नंबर भी अंकित रहेगा, जिससे जरूरत पड़ने पर आमजन संबंधित पुलिसकर्मियों से आसानी से संपर्क कर सकेंगे।

पुलिस आयुक्त ने इस पहल को “पुलिस जनता के बीच, जनता की पहुंच में” की अवधारणा को मजबूत करने वाला कदम बताया। कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने सुरक्षा, सेवा और संवेदनशीलता के साथ प्रत्येक नागरिक के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प दोहराया।

इन पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदान किया गया ‘हीरक प्रशंसा चिन्ह’ सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेघ अतुल अंजान त्रिपाठी को दिया गया।

‘प्रशंसा चिन्ह सिल्वर’ से निरीक्षक जितेन्द्र यादव, निरीक्षक दयाशंकर सिंह, उप निरीक्षक गौरव कुमार सिंह, उप निरीक्षक बृजेश कुमार, महिला उप निरीक्षक निकिता सिंह, उप निरीक्षक भरत चौधरी, मुख्य आरक्षी प्रमोद सिंह, आरक्षी अशोक कुमार, आरक्षी अंकित मिश्रा और आरक्षी मनीष कुमार बघेल को सम्मानित किया गया।

‘सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह’ मुख्य आरक्षी विजय कुमार यादव और मुख्य आरक्षी संतोष कुमार मिश्रा को प्रदान किया गया।

यूपी-112 मुख्यालय उत्तर प्रदेश की ओर से ‘रिस्पांस टाइम’ के लिए प्रशस्ति पत्र मुख्य आरक्षी ओम प्रकाश पाण्डेय, आरक्षी अरविन्द साहनी, आरक्षी नीरज यादव, होमगार्ड चालक विजय नारायण सिंह, होमगार्ड चालक सुरेश कुमार यादव और होमगार्ड श्याम पाण्डेय को दिया गया।

इसके अलावा पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कमिश्नरेट वाराणसी में सराहनीय कार्य करने वाले 30 पुलिसकर्मियों एवं फायर सर्विस/होमगार्ड कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें सहायक पुलिस आयुक्त अतुल अंजान त्रिपाठी, निरीक्षक शिवाकान्त मिश्रा, निरीक्षक दिनेश कुमार यादव, निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा सहित विभिन्न थानों, एसओजी, सर्विलांस सेल, साइबर क्राइम थाना, जल पुलिस, पीआरवी, फायर सर्विस और महिला अपराध इकाई से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस बल को राष्ट्रहित, संविधान के मूल्यों और जनसेवा की भावना के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6012


सबरंग