वाराणसी, 18 जुलाई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान शनिवार को विश्वप्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर आयोजित गंगा आरती में सपरिवार शामिल होकर मां गंगा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। आरती के दौरान वह श्रद्धा और भक्ति में भावविभोर नजर आईं तथा 'हर-हर गंगे' के जयघोष के साथ अपनी आस्था व्यक्त की।
मुख्यमंत्री नमो घाट से क्रूज के जरिए दशाश्वमेध घाट पहुंचीं। गंगा यात्रा के दौरान उन्होंने काशी के ऐतिहासिक घाटों की भव्यता, स्वच्छता और सांस्कृतिक विरासत का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने घाटों के इतिहास, पौराणिक परंपराओं और धार्मिक महत्व की जानकारी में विशेष रुचि दिखाई।
दशाश्वमेध घाट पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने सपरिवार मां गंगा का पूजन किया, दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने विश्वविख्यात गंगा आरती का श्रद्धापूर्वक अवलोकन किया।
गंगा आरती सम्पन्न होने के बाद गंगा सेवा निधि की ओर से सुशांत मिश्रा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
आरती के उपरांत मुख्यमंत्री ने गंगा में नौका विहार का भी आनंद लिया। इस दौरान उनके साथ आयुष जायसवाल, नम्रता चौरसिया, आयुषी श्रीमाली, नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर और पूजा पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर घाटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने भी गंगा आरती के दौरान मौजूद रहकर इस आध्यात्मिक माहौल का अनुभव किया।
Rekha Gupta, Varanasi, Ganga Aarti, Dashashwamedh Ghat, Delhi CM, Kashi, Namo Ghat, Clown Times