वाराणसी। सनबीम स्कूल, लहरतारा ने राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम करते हुए ला मार्टिनियर बॉयज़ कॉलेज, लखनऊ द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित 'द बुलोन लीज़ मेमोरियल क्विज़' प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया। विद्यालय के छात्र सूर्यांश मिश्रा और श्रेयांशु महापात्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया।
देशभर से 16 टीमों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता के प्रारंभिक चरण में कड़े मुकाबले के बाद केवल छह टीमों ने फाइनल में जगह बनाई। सात चुनौतीपूर्ण राउंड वाले फाइनल में सनबीम लहरतारा की टीम ने 110 अंक अर्जित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान दोनों विद्यार्थियों ने सामान्य ज्ञान, त्वरित निर्णय क्षमता और बेहतरीन टीमवर्क का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का संचालन प्रसिद्ध क्विज़ मास्टर श्री क्रेगकर ने किया। निर्णायक मंडल में अधिवक्ता अभिषेक सिंह, फिल्म निर्माता इकबाल किदवई, डॉ. स्वाति वर्मा तथा सीएलएटी फाउंडर सुरभि मोदी शामिल रहे।
इस जीत की खास बात यह है कि मात्र तीन महीने पहले भी सनबीम स्कूल, लहरतारा ने ला मार्टिनियर गर्ल्स कॉलेज, लखनऊ द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित इंटर-स्कूल क्विज़ प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया था। लगातार तीन माह के भीतर लखनऊ की दो प्रतिष्ठित क्विज़ प्रतियोगिताओं में जीत दर्ज कर विद्यालय ने अपनी बौद्धिक उत्कृष्टता और क्विज़ जगत में मजबूत पहचान स्थापित की है।
इस सफलता का श्रेय विजेता विद्यार्थियों के साथ उनके मार्गदर्शक श्री संजीव मिश्रा को भी जाता है, जिनके प्रशिक्षण और मार्गदर्शन ने टीम को इस उपलब्धि तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सनबीम स्कूल विद्यार्थियों में ज्ञान, तार्किक सोच, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धी भावना के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्कृति और विद्यार्थियों के समर्पण का परिणाम है।
सनबीम शिक्षण समूह की निदेशिका श्रीमती अमृता बर्मन ने कहा, "यह जीत केवल एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की लगन, कठिन परिश्रम और बौद्धिक उत्कृष्टता का उत्सव है।"
वहीं, शिक्षण समूह के अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक ने इसे संस्थान की उत्कृष्ट परंपरा और विद्यार्थियों की असाधारण प्रतिभा का प्रमाण बताया। उपाध्यक्ष श्रीमती भारती मधोक ने विजेता विद्यार्थियों की अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए सभी अभिभावकों को भी बधाई दी।
लगातार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में मिल रही सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि सनबीम स्कूल, लहरतारा केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि बौद्धिक प्रतिस्पर्धाओं में भी देश के अग्रणी विद्यालयों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।