वाराणसी। IIT-JEE (Advanced) 2026 में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने वाले JRS Tutorials के छात्रों के सम्मान में बुधवार को चौकाघाट स्थित हेरिटेज पैलेस में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में संस्थान के 74 सफल छात्रों, जिन्होंने ऑल इंडिया रैंक 30,000 के भीतर स्थान प्राप्त किया है, उन्हें स्मृति चिह्न एवं अन्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईआईटी (बीएचयू) के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष प्रो. आर.के. सिंह रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए संस्थान के निदेशक ए.के. झा ने कहा कि इस वर्ष IIT-JEE (Advanced) 2026 में JRS Tutorials के 74 छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान और पूर्वांचल का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और संस्थान के प्रतिस्पर्धी शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सफल छात्रों में आयुष पासवान (कंप्यूटर साइंस, IIT खड़गपुर), ध्रुवराज चौबे (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, IIT मद्रास), देवेश वार्ष्णेय (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, IIT दिल्ली), अभिषेक कुमार (कंप्यूटर साइंस, IIT (BHU)), कार्तिकेय अग्रवाल (इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग, IIT खड़गपुर), अर्थ अंसारी (मैथमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग, IIT खड़गपुर), स्वप्नील यादव (इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, IIT खड़गपुर), साहिल सावन (कंप्यूटर साइंस, IIT गांधीनगर), प्रांजल मिश्रा (कंप्यूटर साइंस, IIT धनबाद) तथा रचित शाह (मैथमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग, IIT पटना) की उपलब्धियां विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं।
ए.के. झा ने कहा कि ऐसे छात्र, जिन्हें IIT-JEE (Advanced) में सफलता के बावजूद मनचाहा संस्थान या शाखा नहीं मिल पाती और जो अपनी रैंक में सुधार करना चाहते हैं, उनके लिए JRS Tutorials में 'Ranker Super' बैच संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस बैच में चयनित छात्रों को 10 प्रतिशत से लेकर 100 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति दी जाएगी। साथ ही छात्रावास में रहने और भोजन की निःशुल्क सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि JRS Tutorials के छात्रों की लगातार मिल रही सफलता यहां के प्रतिस्पर्धी वातावरण, अनुभवी शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन, विद्यार्थियों की लगन और कठिन परिश्रम का परिणाम है। सही दिशा-निर्देश, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और छात्रों में आत्मविश्वास विकसित करने के निरंतर प्रयासों के कारण ही संस्थान के छात्र राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं तथा देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में अपनी पहचान बना रहे हैं।
निदेशक ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में छात्रों की सफलता JRS Tutorials के फाउंडेशन कोर्स की गुणवत्ता को भी प्रमाणित करती है। इस कोर्स के विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं में अच्छे अंक प्राप्त करने के साथ-साथ इंजीनियरिंग और मेडिकल की प्रतियोगी परीक्षाओं में भी बेहतर रैंक हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग एवं मेडिकल कॉलेजों में अध्ययन कर रहे हजारों छात्र इस बात का प्रमाण हैं कि JRS Tutorials दोनों क्षेत्रों की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराने वाला पूर्वांचल का अग्रणी संस्थान बन चुका है।
उन्होंने बताया कि अपनी स्थापना के समय से ही JRS Tutorials "Join, Rely & Succeed" के सिद्धांत को चरितार्थ करते हुए लगातार उत्कृष्ट परिणाम देता आ रहा है। संस्थान के सैकड़ों छात्र हर वर्ष बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ इंजीनियरिंग एवं मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता अर्जित कर रहे हैं।
मुख्य अतिथि प्रो. आर.के. सिंह ने अपने संबोधन में सफल छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि IIT-JEE जैसी कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त करना बड़ी उपलब्धि है, लेकिन यह मंजिल नहीं बल्कि एक नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश मिलने के बाद कुछ छात्र पढ़ाई के प्रति पहले जैसी गंभीरता नहीं रखते, जबकि वास्तविक चुनौती प्रवेश के बाद शुरू होती है। इसलिए छात्रों को सफलता के बाद भी निरंतर मेहनत, अनुशासन और सीखने की ललक बनाए रखनी चाहिए।
प्रो. सिंह ने कहा कि JRS Tutorials पूरी तरह समर्पित और अनुभवी शिक्षकों द्वारा संचालित संस्थान है, जिसकी सफलता पर विश्वास किया जा सकता है। यहां छात्रों को सभी विषयों के मूलभूत सिद्धांतों की सरल और विस्तृत जानकारी दी जाती है, जिससे उनकी बुनियाद मजबूत होती है। मजबूत आधार मिलने पर छात्रों में विषयों को गहराई से समझने की क्षमता विकसित होती है, उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं।
समारोह में सफल छात्रों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्रों को सम्मानित किए जाने पर अभिभावकों और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा। अंत में ओ.पी. सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।