MENU

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान का किया शुभारंभ, पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी का किया आह्वान



 13/Jul/26

वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में रविवार को 'एक पेड़ माँ के नाम' वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत कैम्प कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर की गई। इस दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर विशेष जोर देते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, वायु प्रदूषण, भूमि क्षरण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी वैश्विक चुनौतियों का प्रभावी समाधान वृक्षारोपण में निहित है। उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ माँ के नाम' केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अमूल्य धरोहर हैं। विकसित वृक्षों की छाया में खुले स्थानों की तुलना में लगभग 10 डिग्री सेल्सियस तक तापमान का अंतर महसूस किया जा सकता है, जो बढ़ती गर्मी और जलवायु परिवर्तन के दौर में वृक्षों की उपयोगिता को दर्शाता है।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि वृक्ष शुद्ध ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने, वर्षा चक्र को प्रभावित करने, भू-जल संरक्षण, बाढ़ नियंत्रण और मिट्टी के कटाव को रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में वृक्षों की जड़ें भूस्खलन की घटनाओं को कम करने में सहायक होती हैं, जबकि शहरी क्षेत्रों में वृक्ष प्रदूषण नियंत्रण और तापमान संतुलित रखने का प्रभावी माध्यम हैं।

अभियान के तहत पुलिस लाइन सहित कमिश्नरेट वाराणसी के सभी पुलिस कार्यालयों, थानों, पुलिस चौकियों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। सभी पुलिसकर्मियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी के रूप में निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने आमजन से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ, सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण की मजबूत नींव रखी जा सकती है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2773


सबरंग