MENU

भारत-जर्मनी युवा राजनीतिक कॉन्क्लेव में काशी का प्रतिनिधित्व करेंगे विशाल त्रिवेदी



 12/Jul/26

वाराणसी। काशी के युवा भाजपा नेता एवं सॉफ्टवेयर इंजीनियर विशाल त्रिवेदी भारत और जर्मनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतिष्ठित कोनराड एडेनौर स्टिफ्टुंग (Konrad Adenauer Stiftung) कॉन्क्लेव में भाग लेने के लिए उदयपुर पहुंचे हैं। 10 से 13 जुलाई तक आयोजित इस चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्क्लेव में भारत, जर्मनी और यूरोप के विभिन्न देशों के युवा राजनीतिक कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं।

कॉनक्लेव में वैश्विक राजनीति, सामाजिक सरोकार, लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व विकास तथा पॉलिसी मेकिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन होगा। कार्यक्रम के दौरान भारत और जर्मनी के संसदीय प्रतिनिधिमंडल भी प्रतिभागियों के साथ संवाद करेंगे तथा विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।

विशाल त्रिवेदी ने कहा कि काशी के सांसद एवं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारतीय राजनीति में युवाओं को नेतृत्व और प्रतिनिधित्व के अवसर दिए जाने से देश के युवाओं का उत्साह लगातार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है।

पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर विशाल त्रिवेदी लगभग दस वर्षों तक विदेश में कार्य करने के बाद भारत लौटे और पिछले छह वर्षों से भारतीय जनता युवा मोर्चा के माध्यम से संगठन विस्तार एवं युवाओं को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।

विशाल त्रिवेदी इससे पहले जर्मनी, अमेरिका, इंग्लैंड, मलेशिया और सिंगापुर सहित कई देशों में विभिन्न अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

राजनीतिक दायित्वों की बात करें तो हाल ही में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने प्रदेश चुनाव सह-प्रभारी के रूप में पांच माह से अधिक समय तक कार्य करते हुए भाजपा की नीतियों को गांव, नगर और टोले-टोले तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके अलावा बिहार, दिल्ली और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में भी वह भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं।

अंतरराष्ट्रीय कॉन्क्लेव में काशी के युवा प्रतिनिधि के रूप में विशाल त्रिवेदी की भागीदारी को स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं ने गौरव का विषय बताया है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3008


सबरंग