MENU

चौबेपुर की चिरईगांव चौकी के प्रभारी महेश मिश्रा निलंबित, महिला संबंधी गंभीर अपराध में लापरवाही पर कार्रवाई



 12/Jul/26

वाराणसी, 12 जुलाई 2026। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में महिला संबंधी गंभीर अपराधों के मामलों में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में वरुणा जोन के अंतर्गत थाना चौबेपुर की चिरईगांव चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक महेश मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

सहायक पुलिस आयुक्त, सारनाथ की जांच रिपोर्ट के अनुसार एक व्यक्ति ने अपनी भतीजी की गुमशुदगी की सूचना चौकी चिरईगांव पर दी थी। आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद तत्काल कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद जनशिकायत के माध्यम से भी प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ, लेकिन उस पर भी आवश्यक विधिक कार्रवाई में रुचि नहीं दिखाई गई।

बाद में 5 जुलाई 2026 को पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना चौबेपुर में मु.अ.सं. 363/2026 के तहत धारा 137(2), 87 एवं 143(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच में महिला संबंधी गंभीर अपराध में समय पर कार्रवाई न करने, पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही, अकर्मण्यता और स्वेच्छाचारिता सामने आने पर पुलिस उपायुक्त, वरुणा जोन के आदेश पर उपनिरीक्षक महेश मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने स्पष्ट किया है कि अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के मामलों में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

चौबेपुर की चिरईगांव चौकी प्रभारी महेश मिश्रा निलंबित, महिला संबंधी गंभीर अपराध में लापरवाही पर कार्रवाई

वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने महिला संबंधी गंभीर अपराध में समय पर कार्रवाई न करने के आरोप में चौबेपुर की चिरईगांव चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक महेश मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

चौबेपुर पुलिस, चिरईगांव चौकी, महेश मिश्रा निलंबित, वाराणसी पुलिस, पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी, महिला अपराध, वरुणा जोन, BNS, Clown Times News


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

1311


सबरंग