इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) वाराणसी शाखा के प्रस्तावित सात मंजिला अत्याधुनिक भवन को विकास प्राधिकरण से स्वीकृति मिल गई है। स्वीकृति मिलने के बाद अब जल्द ही भवन निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस उपलब्धि से संस्था के पदाधिकारियों एवं चिकित्सकों में खुशी का माहौल है।
शाखा अध्यक्ष डॉ. अनुराग टण्डन ने पत्रकार वार्ता के दौरान इसे संस्था के इतिहास का महत्वपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि नए भवन के निर्माण के बाद चिकित्सकों के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों और सभी चिकित्सकों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
संस्था के मानद सचिव डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी ने कहा कि यह परियोजना IMA वाराणसी शाखा के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने बताया कि भवन में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सक संगठनों के लिए अलग-अलग वैज्ञानिक संगोष्ठी कक्ष बनाए जाएंगे, जिससे नियमित शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि नए भवन में एक आधुनिक ऑडिटोरियम, लेक्चर थिएटर, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जिम, विशाल तरणताल (स्विमिंग पूल), पुस्तकालय, रक्त बैंक, ऑक्सीजन बैंक, पीएमसी तथा टीकाकरण केंद्र जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे चिकित्सकों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
संस्था के निर्वाचित अध्यक्ष प्रो. डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि यह IMA वाराणसी की ऐतिहासिक उपलब्धि है। भवन के विस्तार के बाद आम जनता के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा और अधिक बढ़ेगा। साथ ही चिकित्सकों के लिए पर्याप्त कार पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होगा।
पूर्व अध्यक्ष डॉ. एस.पी. सिंह ने बताया कि IMA के रक्त बैंक में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि अब ल्यूकोरिड्यूस्ड ब्लड यूनिट की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे रक्त चढ़ाने के दौरान एलर्जी एवं अन्य जटिलताओं की संभावना काफी कम हो जाती है। उन्होंने बताया कि IMA का ब्लड बैंक प्रदेश के प्रमुख रक्त बैंकों में शामिल है और जरूरतमंद मरीजों को एक से दो घंटे के भीतर रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वित्त सचिव डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह एवं डॉ. विशाल सिंह यादव ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष डॉ. पी.के. तिवारी, डॉ. भानु शंकर पांडेय, डॉ. अजीत सैगल, डॉ. प्रभाकर शुक्ला, डॉ. एस.पी. सिंह, डॉ. अनिल ओहरी, डॉ. सी.के.पी. सिन्हा, डॉ. शालिनी टेकन, डॉ. संजय गर्ग, डॉ. हेमंत सिंह, डॉ. संजय पटेल, डॉ. रितु गर्ग, डॉ. विजय गुमरा, डॉ. वी.पी. सिंह, डॉ. प्रीति गुप्ता, श्री देवेश पांडेय, डॉ. अशोक श्रीनकर, डॉ. आमिर शम्स सहित सैकड़ों चिकित्सक, पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
IMA वाराणसी के सात मंजिला भवन को मिली मंजूरी, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
विकास प्राधिकरण ने IMA वाराणसी शाखा के प्रस्तावित सात मंजिला भवन को मंजूरी दे दी है। भवन में ऑडिटोरियम, ब्लड बैंक, जिम, पुस्तकालय, स्विमिंग पूल सहित आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
IMA Varanasi, Indian Medical Association, Varanasi News, Development Authority, Doctors, Blood Bank, Health News, Clown Times, वाराणसी समाचार, IMA भवन