वाराणसी, 11 जुलाई। थाना सारनाथ पुलिस ने बुजुर्ग महिला से चेन लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई पीली धातु की चेन तथा घटना में प्रयुक्त चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा चोरी और लूट की घटनाओं के अनावरण तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में थाना सारनाथ पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने शुक्रवार देर रात करीब 12:35 बजे हवेलिया क्रॉसिंग के पास से आरोपी विजय चौहान उर्फ लकी पुत्र ओमप्रकाश चौहान, निवासी छोटा लालपुर, थाना लालपुर-पांडेयपुर, वाराणसी, उम्र लगभग 20 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को सारनाथ क्षेत्र निवासी मोहित कुमार गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 71 वर्षीय मां की दुकान में घुसकर बाइक सवार दो बदमाशों ने मारपीट करते हुए गले से सोने की चेन लूट ली थी। इस संबंध में थाना सारनाथ में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल अस्सी घाट क्षेत्र से चोरी की थी। घटना से पहले दोनों ने इलाके की रेकी की और बुजुर्ग महिला को अकेला पाकर दुकान में घुसकर मारपीट करते हुए चेन लूट ली। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि इससे पहले भी वारदात करने का प्रयास किया था, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण सफल नहीं हो सके थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी लूटी गई चेन बेचने जा रहा था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 9.09 ग्राम वजन की पीली धातु की चेन तथा घटना में प्रयुक्त चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध लालपुर-पांडेयपुर, भेलूपुर और सारनाथ थानों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं के कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अजय कुमार, उपनिरीक्षक विश्वेन्द्र यादव, मुख्य आरक्षी दिलीप यादव, मुख्य आरक्षी पंकज सिंह, आरक्षी सुमित सिंह, श्रीराम कुमार, अशोक यादव, आरक्षी चालक विशाल तथा सर्विलांस सेल के आरक्षी पंकज शामिल रहे।