MENU

11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 16 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलसा, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप



 11/Jul/26

कई दिनों से मात्र 4 फीट की ऊंचाई पर लटक रहा था तार, शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

सैयदराजा (चंदौली)। अमड़ा फीडर अंतर्गत रनिया गांव में शुक्रवार को बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक बड़ा हादसा हो गया। बनसिंहपुर (पुरवा) गांव निवासी सत्यम गुप्ता (16 वर्ष) 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए।

ग्रामीणों के अनुसार, हाईटेंशन लाइन का तार लंबे समय से जमीन से करीब चार फीट की ऊंचाई पर लटका हुआ था। इस संबंध में कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को शिकायत भी की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया गया। शुक्रवार को सत्यम गुप्ता उसी लटके हुए तार की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि यह हादसा बिजली विभाग की घोर लापरवाही का परिणाम है। उनका कहना है कि यदि समय रहते लाइन की मरम्मत कर दी जाती, तो इस दुर्घटना को रोका जा सकता था।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा क्षेत्र की जर्जर और लटक रही विद्युत लाइनों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2965


सबरंग