MENU

राहुल गांधी की ओर से कोर्ट में दाखिल हुआ वकालतनामा, भगवान श्रीराम टिप्पणी मामले में 24 जुलाई तक टली सुनवाई



 09/Jul/26

वाराणसी। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से भगवान श्रीराम पर कथित विवादित टिप्पणी से जुड़े मामले में वाराणसी की एमपी-एमएलए कोर्ट में वकालतनामा दाखिल किया गया है। राहुल गांधी के अधिवक्ताओं ने अदालत से पक्ष रखने के लिए समय मांगा, जिसके बाद कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 24 जुलाई निर्धारित कर दी।

गुरुवार को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (चतुर्थ) / एमपी-एमएलए कोर्ट में इस मामले पर सुनवाई होनी थी। इसी दौरान राहुल गांधी की ओर से अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी और अनुज यादव ने वकालतनामा दाखिल करते हुए अदालत से जवाब प्रस्तुत करने के लिए समय देने का अनुरोध किया। अदालत ने अनुरोध स्वीकार करते हुए अगली सुनवाई की तारीख 24 जुलाई तय कर दी।

क्या है पूरा मामला?

यह प्रकरण अधिवक्ता हरिशंकर पांडेय द्वारा दायर अर्जी से जुड़ा है। अर्जी में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी ने 21 अप्रैल 2025 को अमेरिका के बोस्टन स्थित ब्राउन यूनिवर्सिटी में छात्रों के साथ आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम के संबंध में ऐसी टिप्पणियां कीं, जिनसे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।

परिवादी का दावा है कि राहुल गांधी ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व और उनसे जुड़ी कथाओं पर सवाल उठाए तथा राम मंदिर को लेकर भी टिप्पणी की। इन्हीं आरोपों के आधार पर उनके खिलाफ न्यायालय में अर्जी दाखिल की गई।

पहले खारिज हुई थी अर्जी

इस मामले में निचली अदालत ने 27 मई 2025 को परिवाद को पोषणीय नहीं मानते हुए खारिज कर दिया था। इसके बाद परिवादी अधिवक्ता ने सत्र न्यायालय में पुनरीक्षण (रिवीजन) याचिका दायर की। सुनवाई के बाद सत्र न्यायालय ने निचली अदालत के आदेश को निरस्त करते हुए मामले पर पुनः सुनवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद से मामला एमपी-एमएलए कोर्ट में विचाराधीन है।

अब राहुल गांधी की ओर से वकालतनामा दाखिल किए जाने के बाद अदालत 24 जुलाई को मामले की अगली सुनवाई करेगी।

राहुल गांधी की ओर से कोर्ट में दाखिल हुआ वकालतनामा, भगवान श्रीराम टिप्पणी मामले में 24 जुलाई तक टली सुनवाई 

वाराणसी की एमपी-एमएलए कोर्ट में राहुल गांधी की ओर से वकालतनामा दाखिल किया गया। भगवान श्रीराम पर कथित टिप्पणी से जुड़े मामले में अदालत ने अगली सुनवाई 24 जुलाई तय की।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

1203


सबरंग