MENU

अमेरिका से वाराणसी आकर लैण्ड पूलिंग में निभाई भागीदारी, आनंद काशी आवासीय योजना के लिए भू-स्वामियों को किया गया सम्मानित



 09/Jul/26

वाराणसी। विदेश में निवास करने के बावजूद अपनी मातृभूमि एवं वाराणसी के समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करते हुए संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) में निवासरत अमित कुमार विशेष रूप से वाराणसी आकर वाराणसी विकास प्राधिकरण की आनंद काशी आवासीय योजना, कल्लीपुर के विकास हेतु लैण्ड पूलिंग (Land Pooling) में सहभागी बने। उनकी इस सराहनीय पहल ने जनसहभागिता आधारित विकास मॉडल को नई प्रेरणा प्रदान की।

वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित की जा रही आनंद काशी आवासीय योजना, कल्लीपुर के प्रभावी एवं सुनियोजित विकास के लिए लैण्ड पूलिंग योजना के अंतर्गत स्थानीय एवं प्रवासी भू-स्वामियों का सहयोग निरंतर प्राप्त हो रहा है। इसी क्रम में अमित कुमार एवं दिनेश कुमार सिंह द्वारा कुल 10 अराजियाँ (290, 329, 330, 331, 333, 617, 618, 455, 456 एवं 464) का 19,820 वर्गमीटर क्षेत्रफल तथा जावित्री देवी द्वारा कुल 06 अराजियाँ (617, 618, 465, 455, 456 एवं 464) का 4,130 वर्गमीटर क्षेत्रफल आनंद काशी आवासीय योजना के विकास हेतु लैण्ड पूलिंग के माध्यम से उपलब्ध कराया गया।

लैण्ड पूलिंग के माध्यम से विकास कार्यों में दिए गए इस उल्लेखनीय सहयोग एवं जनहित के प्रति सकारात्मक सहभागिता के लिए आयुक्त, वाराणसी मण्डल एवं अध्यक्ष, वाराणसी विकास प्राधिकरण एस. राजलिंगम, उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा तथा अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने अमित कुमार, दिनेश कुमार सिंह एवं जावित्री देवी को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

प्राधिकरण ने बताया कि लैण्ड पूलिंग में सहभागी बने भू-स्वामियों को आनंद काशी आवासीय योजना में भूखण्ड आवंटन प्रक्रिया के दौरान प्राथमिकता के आधार पर अवसर प्रदान किया जाएगा।

प्राधिकरण के अनुसार, लैण्ड पूलिंग मॉडल विकास एवं जनसहभागिता का एक प्रभावी माध्यम है, जिसके जरिए सुनियोजित एवं आधुनिक शहरी विकास को गति मिलती है। स्थानीय एवं प्रवासी भारतीयों की सहभागिता से आनंद काशी आवासीय योजना का विकास और अधिक सुव्यवस्थित, तीव्र एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जा सकेगा। साथ ही अन्य भू-स्वामियों से भी इस जनहितकारी पहल में सहभागी बनने का आह्वान किया गया।

वाराणसी विकास प्राधिकरण का उद्देश्य नागरिकों एवं भू-स्वामियों के सहयोग से आधुनिक, सुव्यवस्थित, पर्यावरण-अनुकूल एवं विश्वस्तरीय आवासीय योजनाओं का विकास करना है। प्राधिकरण ने कहा कि वह भविष्य में भी जनसहभागिता को प्रोत्साहित करते हुए वाराणसी के समग्र एवं सतत विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4036


सबरंग