MENU

Varanasi News : चेतगंज सर्राफा व्यापारी लूटकांड का खुलासा, 8 आरोपी गिरफ्तार; पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गोली से घायल, 5 लाख बरामद होने का दाव!



 07/Jul/26

मिंट हाउस के हुए के अड्डे से पीछे लगे थे बदमाश,90 लाख के लूट की चर्चा से उठे सवाल?

वाराणसी। चेतगंज थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से हुई चर्चित लूटकांड का कमिश्नरेट पुलिस ने खुलासा करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि लूटे गए 5 लाख रुपये शत-प्रतिशत बरामद कर लिए गए हैं। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी आकाश सेठ ने पुलिस टीम पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, बुलेट मोटरसाइकिल, एक पिस्टल और दो खोखा कारतूस भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 27 जून 2026 को एक सर्राफा व्यापारी प्लॉट की रजिस्ट्री कराने के लिए नदेसर से उधार लेकर लगभग पांच लाख रुपये अपने मित्र के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। चेतगंज क्षेत्र में बाटी-चोखा रेस्टोरेंट के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने व्यापारी के कपड़े के झोले में रखी नकदी लूट ली और फरार हो गए। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

घटना के खुलासे के लिए चेतगंज थाना, रामनगर थाना और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और रामनगर क्षेत्र के लंका मैदान स्थित प्रकाश ढाबा के पास दबिश देकर आठों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आया कि वारदात पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई थी। आरोपियों को पहले से व्यापारी के आने-जाने और नकदी ले जाने की जानकारी उपलब्ध कराई गई थी। इसी सूचना के आधार पर लूट की साजिश रची गई।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आकाश सेठ, आशीष मौर्य, सिपाही उर्फ विजय यादव, आकाश यादव, प्रद्युम्न यादव, गोविंद मौर्य, अमित कुमार और जावेद अख्तर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी आकाश सेठ के खिलाफ वाराणसी और जौनपुर के विभिन्न थानों में पहले से कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस का दावा है कि आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए पांच लाख रुपये पूरी तरह बरामद कर लिए गए हैं। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार, एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक पिस्टल और दो खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। घटना का सफल अनावरण करने वाली चेतगंज, रामनगर और सर्विलांस सेल की संयुक्त पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया है।

खुलासे में शामिल पुलिस टीम: इस कार्रवाई का नेतृत्व डीसीपी काशी ज़ोन आर.एस. गौतम के निर्देशन तथा एडीसीपी काशी ज़ोन सरवणन टी. और एसीपी चेतगंज गौरव कुमार के पर्यवेक्षण में किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक चेतगंज विकास राय, प्रभारी निरीक्षक रामनगर शिव प्रसाद मिश्रा, एसओजी प्रभारी विवेक कुमार श्रीवास्तव, सर्विलांस प्रभारी विकास सिंह सहित चेतगंज थाना, रामनगर थाना और सर्विलांस सेल के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

90 लाख की चर्चा और मिंट हाउस के कथित जुए के अड्डे से जुड़े तार; बनारस के प्रमुख दैनिक 'हिन्दुस्तान' में प्रकाशित रिपोर्ट से उठे कई सवाल

जहां एक ओर पुलिस का आधिकारिक दावा है कि इस मामले में 5 लाख रुपये की लूट हुई थी और पूरी रकम बरामद कर ली गई है, वहीं बनारस के प्रमुख दैनिक 'हिन्दुस्तान' में प्रकाशित रिपोर्ट में इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े कुछ अलग पहलुओं का भी उल्लेख किया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, वारदात के तार मिंट हाउस (नदेसर) स्थित कथित जुए के अड्डे से जुड़े होने की चर्चा है। समाचार में यह भी प्रकाशित किया गया है कि स्थानीय स्तर पर करीब 90 लाख रुपये लूटे जाने की चर्चाएं रही हैं। हालांकि पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और अपने आधिकारिक बयान में केवल 5 लाख रुपये की लूट की बात कही है।

रिपोर्ट में यह सवाल भी उठाया गया है कि यदि लूटी गई रकम केवल 5 लाख रुपये थी, तो वारदात को अंजाम देने के लिए कई आरोपियों, कार, बाइक और सुनियोजित तरीके से पूरी टीम क्यों लगाई गई। साथ ही रिपोर्ट में मिंट हाउस के कथित जुए के अड्डे से जुड़े पहलू का भी उल्लेख किया गया है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने नहीं की है।

इस मामले में फिलहाल दो अलग-अलग पक्ष सामने हैं। एक ओर पुलिस अपने आधिकारिक दावे पर कायम है कि 5 लाख रुपये की लूट हुई थी और पूरी रकम बरामद कर ली गई है, जबकि दूसरी ओर बनारस के प्रमुख दैनिक 'हिन्दुस्तान' में प्रकाशित रिपोर्ट में करीब 90 लाख रुपये की लूट और मिंट हाउस के कथित जुए के अड्डे से जुड़े पहलुओं का उल्लेख किया गया है। ऐसे में यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है और कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं।

(नोट: खबर का पहला भाग कमिश्नरेट पुलिस की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है, जबकि दूसरा भाग बनारस के प्रमुख दैनिक 'हिन्दुस्तान' में प्रकाशित समाचार पर आधारित है। Clown Times दोनों पक्षों को तथ्यों के आधार पर अपने पाठकों के सामने प्रस्तुत कर रहा है।)

Varanasi News: चेतगंज सर्राफा व्यापारी लूटकांड का खुलासा, 8 आरोपी गिरफ्तार; मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गोली से घायल, 90 लाख की चर्चा से उठे सवाल

वाराणसी के चेतगंज सर्राफा व्यापारी लूटकांड में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर 5 लाख रुपये बरामद होने का दावा किया। मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गोली से घायल हुआ। वहीं बनारस के प्रमुख दैनिक हिन्दुस्तान में 90 लाख की चर्चा और मिंट हाउस कनेक्शन का भी उल्लेख किया गया है।

#VaranasiNews #VaranasiCrime #Chetganj #LootCase #SarrafaTrader #UPPolice #Banaras #ClownTimes


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

7183


सबरंग