वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने अवैध प्लाटिंग और बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रखते हुए गुरुवार को जोन-2 क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। इस दौरान प्रवर्तन टीम ने कुल 63 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया।
यह कार्रवाई वाराणसी विकास प्राधिकरण के जोनल अधिकारी रविंद्र कुमार के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम द्वारा की गई। अभियान के दौरान जेसीबी मशीनों की सहायता से अवैध रूप से विकसित की जा रही प्लाटिंग, सड़कें, बाउंड्री एवं अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया।
प्रवर्तन अभियान के दौरान मौजा लेढ़ूपुर में कल्लू मिश्र की लगभग 2 बीघा, मौजा कमौली में अज्ञात की 2 बीघा, बंटी सिंह की 20 बीघा, एक अन्य अज्ञात की 10 बीघा तथा विनय सिंह की 20 बीघा, मौजा गोसाईपुर में अज्ञात की 2 बीघा, मौजा निकलौपुर में अज्ञात की 3 बीघा, मौजा परेवां में अज्ञात की 1 बीघा तथा मौजा हिरामनपुर में अज्ञात की 3 बीघा अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इस अभियान में कुल 63 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।
वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (VC) पूर्ण बोरा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किसी भी प्रकार का भवन निर्माण अथवा अवैध प्लाटिंग का कार्य न किया जाए। यदि कोई व्यक्ति प्राधिकरण की अनुमति के बिना निर्माण कार्य या प्लाटिंग करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी भूखंड या परियोजना में निवेश अथवा निर्माण कार्य शुरू करने से पहले उसकी वैधानिक स्वीकृति एवं मानचित्र की जांच अवश्य कर लें। उन्होंने यह भी कहा कि वाराणसी में अवैध प्लाटिंग और अवैध निर्माण के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार और प्रभावी ढंग से जारी रहेगा।