पुलिस के अनुसार, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बेनीपुर चौराहे के आगे पुरानी देशी शराब की दुकान के पास एक व्यक्ति गांजा बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जाबिर अली (40 वर्ष), पुत्र मोहम्मद नासिर, निवासी रानी बाजार, थाना राजातालाब, वाराणसी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से छोटे-बड़े पैकेटों में रखा 477 ग्राम अवैध गांजा और ₹2320 नकद बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बाहरी जनपदों से गांजा लाकर उसकी बिक्री करता था और उसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
इस मामले में थाना मिर्जामुराद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।