MENU

वाराणसी: एपेक्स हॉस्पिटल में हाई रिस्क किडनी ट्रांसप्लांट सफल, 53 वर्षीय मां ने बेटे को किडनी देकर बचाई जान



 03/Jul/26

वाराणसी। एपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, वाराणसी में एक बार फिर चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल हुई है। अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने एक अत्यंत जटिल और हाई रिस्क किडनी ट्रांसप्लांट को सफलतापूर्वक अंजाम देकर 31 वर्षीय युवक को नया जीवन दिया। इस ट्रांसप्लांट की सबसे भावुक बात यह रही कि 53 वर्षीय मां ने अपने 31 वर्षीय बेटे को अपनी किडनी दान कर उसे नई जिंदगी दी।

अस्पताल के अनुसार, मरीज गंभीर हृदय रोग, हृदय की कम पंपिंग क्षमता (लो इजेक्शन फ्रैक्शन) तथा गंभीर पल्मोनरी आर्टेरियल हाइपरटेंशन जैसी जटिल बीमारियों से पीड़ित था। उसकी कार्डियक स्थिति इतनी गंभीर थी कि अन्य संस्थानों में किडनी प्रत्यारोपण की संभावना से इनकार कर दिया गया था।

इसके बावजूद एपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की ट्रांसप्लांट टीम ने चुनौती स्वीकार करते हुए सफल ऑपरेशन किया। इस जटिल प्रत्यारोपण का नेतृत्व नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. निवेदिता पंडित, यूरोलॉजिस्ट डॉ. पुनीत कुमार तथा एनेस्थीसियोलॉजिस्ट डॉ. अभिषेक सिंह ने किया। वहीं, नर्सिंग सुपरिन्टेंडेंट आनंद के नेतृत्व में उत्कृष्ट नर्सिंग देखभाल ने ऑपरेशन से लेकर ऑपरेशन के बाद की पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित और सफल बनाया।

अस्पताल के अनुसार, ऑपरेशन के तीसरे दिन तक मरीज की नई किडनी सामान्य रूप से कार्य करने लगी, जबकि किडनी दान करने वाली मां भी नेफरेक्टोमी के तीसरे दिन पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो गईं।

एपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह ने इस सफलता पर पूरी ट्रांसप्लांट टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अस्पताल पर पिछले 40 वर्षों से मरीजों के अटूट विश्वास, एक मां के त्याग, चिकित्सा विशेषज्ञों की दक्षता और टीमवर्क का प्रेरणादायक उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि एपेक्स हॉस्पिटल भविष्य में भी जटिल से जटिल मामलों में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए मरीजों को बेहतर उपचार देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4796


सबरंग