वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के थाना रोहनियां क्षेत्र स्थित ग्राम अवलेशपुर में व्यापारी जितेंद्र पटेल की सनसनीखेज एवं जघन्य हत्या के मामले का सफल खुलासा करने वाली संयुक्त पुलिस टीम को मंगलवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने सम्मानित किया। उत्कृष्ट एवं साहसिक पुलिस कार्रवाई के लिए टीम को कुल एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार, प्रशस्ति-पत्र तथा स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि इस चर्चित हत्याकांड के सफल अनावरण में एसओजी, थाना रोहनियां तथा वरुणा जोन की संयुक्त पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने इस मामले में शामिल गैंग के पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो अभियुक्तों को साहसिक पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। इस उल्लेखनीय सफलता को देखते हुए पूरी टीम को सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने पुलिस टीम के उत्कृष्ट, साहसिक एवं सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की तत्परता, पेशेवर दक्षता और बेहतर टीमवर्क के कारण इस जघन्य हत्या का शीघ्र एवं सफल खुलासा संभव हो सका। उन्होंने कहा कि पुलिस बल का यही समर्पण, ईमानदारी और व्यावसायिक दक्षता जनसुरक्षा, अपराध नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भविष्य में भी इसी लगन और निष्ठा के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
पुरस्कार वितरण के दौरान एसओजी प्रभारी उप निरीक्षक गौरव कुमार सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक रोहनियां राजू सिंह को ₹25,000-₹25,000 का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, प्रकरण के सफल अनावरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अन्य पुलिसकर्मियों को ₹10,000-₹10,000 का नगद पुरस्कार दिया गया। इस प्रकार संयुक्त पुलिस टीम को कुल ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित पुलिस टीम में एसओजी से प्रभारी उप निरीक्षक गौरव कुमार सिंह, उप निरीक्षक आयुष पाण्डेय, कांस्टेबल मनीष बघेल एवं कांस्टेबल अंकित मिश्रा शामिल रहे। थाना रोहनियां से प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह और उप निरीक्षक भरत चौधरी को सम्मानित किया गया। वहीं वरुणा जोन की ओर से थाना शिवपुर में तैनात उप निरीक्षक गौरव कुमार सिंह को भी सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान पुलिस कमिश्नर ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का सम्मान पूरे पुलिस बल का मनोबल बढ़ाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी कमिश्नरेट वाराणसी के अधिकारी और कर्मचारी इसी समर्पण, साहस और पेशेवर दक्षता के साथ अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखेंगे।