चौराहों, बाजारों और घनी आबादी वाले इलाकों में शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की होगी व्यवस्था, जल संरक्षण का भी दिया संदेश
वाराणसी, 27 जून 2026। काशी में पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच आम जनमानस को राहत पहुंचाने के लिए उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में विशेष पहल शुरू की गई है। क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, बाजारों और घनी आबादी वाले इलाकों में ठंडे एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था हेतु वाटर कूलर लगाए जा रहे हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को गर्मी से राहत मिल सके।
प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने शनिवार को गुलाबबाग स्थित अपने कार्यालय से 6 वाटर कूलर वितरित किए। उन्होंने बताया कि इससे पहले विधानसभा क्षेत्र में 8 वाटर कूलर स्थापित किए गए थे। जनता की मांग और बढ़ती गर्मी को देखते हुए अब 6 नए वाटर कूलर और लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में कुल 14 वाटर कूलर आम लोगों की सेवा के लिए उपलब्ध हो जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सभी वाटर कूलरों में आधुनिक RO (रिवर्स ऑस्मोसिस) प्रणाली लगाई गई है, जिससे लोगों को पूरी तरह शुद्ध, स्वच्छ और ठंडा पेयजल मिल सकेगा। गर्मी के मौसम में यह सुविधा हजारों लोगों के लिए राहत का माध्यम बनेगी।
इस अवसर पर मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने लोगों से जल संरक्षण की अपील भी की। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में सभी लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए, लेकिन पानी का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए। सड़कों पर अनावश्यक पानी बहाना या वाहनों की धुलाई में अत्यधिक पानी खर्च करना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि पानी एक सीमित प्राकृतिक संसाधन है और इसका संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है। यदि हम आज पानी बचाएंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य और पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा।
जनहित की इस पहल को क्षेत्र में सराहना मिल रही है। क्षेत्र में लगाए जा रहे वाटर कूलरों को लेकर स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर ठंडे और शुद्ध पानी की उपलब्धता से राहगीरों, मजदूरों, व्यापारियों और आम नागरिकों को काफी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर अरविंद सिंह, पूर्व वीसी जी.सी. जायसवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष रतन मौर्य, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमलेश सोनकर, पार्षद रोहित मिश्रा, पार्षद प्रत्याशी महेंद्र सिंह गौतम, जितेंद्र मिश्रा, विकाश सिंह, सौरभ सिंह, सत्यप्रकाश जायसवाल, सुमित जायसवाल एवं पूर्व पार्षद श्री रोहित मौर्या आदि लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।