MENU

कार्यकर्ताओं के बल पर 2027 का किला करेंगे फतह: अशोक चौरसिया

क्लाउन टाइम्स डेस्क रिपोर्ट

 26/Jun/26

नवनियुक्त क्षेत्र अध्यक्ष का रोहनियां कार्यालय पर भव्य स्वागत, पूर्व अध्यक्ष ने सौंपा कार्यभार

वाराणसी, 25 जून। उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठनात्मक विस्तार के तहत प्रदेश की नई टीम और सभी छह क्षेत्रों के क्षेत्रीय अध्यक्षों की घोषणा की गई। इसी क्रम में काशी क्षेत्र में बड़ा संगठनात्मक बदलाव हुआ, जिसके तहत अशोक चौरसिया को काशी क्षेत्र का नया क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

घोषणा के समय अशोक चौरसिया संगठनात्मक कार्यक्रम के सिलसिले में जौनपुर में मौजूद थे। सूचना मिलते ही वे तत्काल जौनपुर से सीधे वाराणसी के रोहनियां स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे। उनके आगमन पर पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट किया, माला पहनाई और पुष्पवर्षा कर उत्साह व्यक्त किया।

क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचकर नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और नमन किया।

स्वागत समारोह के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, उसका वे पूरी ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान और संगठन की मजबूती उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं के बल पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी काशी क्षेत्र में ऐतिहासिक विजय दर्ज करेगी।

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के सिद्धांत पर कार्य करती है। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के हर जरूरतमंद तक पहुंचाया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “बूथ जीतो, चुनाव जीतो” मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि कमजोर बूथों को मजबूत कर संगठन को और सशक्त किया जाएगा, ताकि काशी क्षेत्र की सभी विधानसभाओं में भाजपा का परचम लहराया जा सके।

इससे पहले संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने औपचारिक रूप से नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया को कार्यभार सौंपा।

रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्वागत करने वालों में जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, राम प्रकाश दुबे, राजेश राजभर, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सह प्रभारी संतोष सोलापुरकर, राकेश शर्मा, अनिल श्रीवास्तव, नंद जी पांडेय, श्रीप्रकाश शुक्ला, सुरेंद्र सिंह, नागेश्वर जी, डॉ उत्तम ओझा, संजय सोनकर, डॉ संजय चौरसिया, शैलेंद्र मिश्रा, नम्रता चौरसिया, उषा राज मोर्या, निर्मला पटेल, अजय सिंह मुन्ना, शैलेष पांडेय, फौजदार शर्मा, अनुप जायसवाल, पीयूष वर्धन, अमित राय सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं ने नए क्षेत्रीय अध्यक्ष का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2535


सबरंग