MENU

एपेक्स हॉस्पिटल में पूर्वांचल की पहली अत्याधुनिक रोटा एब्लेशन एवं IVUS गाइडेड सफल डबल वेसल एंजियोप्लास्टी

क्लाउन टाइम्स ब्यूरो, वाराणसी।

 25/Jun/26

वाराणसी। एपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ने हृदय रोगों के जटिल उपचार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पूर्वांचल के निजी अस्पतालों में पहली बार अत्याधुनिक रोटा एब्लेशन (Rotablation) एवं इंट्रा वैस्कुलर अल्ट्रासाउंड (IVUS) गाइडेड डबल वेसल एंजियोप्लास्टी (PTCA) सफलतापूर्वक संपन्न की है। यह जटिल प्रक्रिया अस्पताल के वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अकदस मुमताज़ के नेतृत्व में की गई।

अस्पताल द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 63 वर्षीय महिला मरीज पिछले 10 दिनों से सीने में दर्द और भारीपन की शिकायत से पीड़ित थीं। मरीज टाइप-2 डायबिटीज और उच्च रक्तचाप से भी ग्रसित थीं। जांच के दौरान उनमें ट्रिपल वेसल कोरोनरी आर्टरी डिजीज का पता चला। साथ ही हृदय की पंपिंग क्षमता (LVEF) 50 से 55 प्रतिशत दर्ज की गई तथा हृदय की प्रमुख धमनियों में गंभीर कैल्शियम जमाव पाया गया।

मामले की जटिलता को देखते हुए एपेक्स हॉस्पिटल की अनुभवी कार्डियक टीम ने अत्याधुनिक Rotablation और IVUS Guided Angioplasty तकनीक का उपयोग करते हुए सफल डबल वेसल एंजियोप्लास्टी की। इस प्रक्रिया के दौरान मरीज की LAD और RCA धमनियों में कुल तीन ड्रग एल्यूटिंग स्टेंट (DES) सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित किए गए।

विशेषज्ञों के अनुसार, गंभीर कैल्सीफाइड ब्लॉकेज वाले मरीजों में रोटा एब्लेशन तकनीक उपचार को अधिक सुरक्षित और प्रभावी बनाती है, जबकि IVUS तकनीक के माध्यम से धमनियों की आंतरिक स्थिति का सटीक आकलन कर बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जाते हैं।

अस्पताल के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह ने इस सफलता पर कैथ लैब एवं कार्डियोलॉजी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि एपेक्स हॉस्पिटल में उपलब्ध उन्नत कार्डियक सेवाओं और विशेषज्ञता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि अब पूर्वांचल के मरीजों को इस प्रकार की जटिल हृदय संबंधी प्रक्रियाओं के लिए महानगरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, क्योंकि एपेक्स हॉस्पिटल में 24 घंटे अत्याधुनिक कार्डियक सुविधाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी अस्पताल नवीनतम चिकित्सा तकनीकों के माध्यम से क्षेत्र के मरीजों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता रहेगा।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3558


सबरंग