वाराणसी: लखनऊ में कोचिंग संस्थान में हुई आगजनी और उसके बाद सामने आई सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियों के बाद वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने शहर में अवैध रूप से संचालित कोचिंग संस्थानों और भवन मानकों का उल्लंघन करने वाले परिसरों के खिलाफ ताबड़तोड़ अभियान शुरू कर दिया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा और भवनों की संरचनात्मक मजबूती सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 23 जून 2026 को VDA ने विभिन्न जोनों में व्यापक प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए कुल 8 कोचिंग संस्थानों और भवनों को सील कर दिया।
शिवपुर-सिकरौल क्षेत्र में एलेन कोचिंग सेंटर सील
जोन-1 (शिवपुर एवं सिकरौल क्षेत्र) में VDA उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान एलेन कोचिंग सेंटर बिना मानचित्र स्वीकृति और निर्धारित भवन मानकों के अनुरूप संचालन करते पाया गया। मामले को गंभीर मानते हुए प्रवर्तन टीम ने तत्काल कार्रवाई कर परिसर को सील कर दिया। साथ ही संचालकों को आवश्यक स्वीकृतियां और संबंधित अभिलेख प्राधिकरण के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
सारनाथ क्षेत्र में दो संस्थानों पर कार्रवाई
जोन-2 के अंतर्गत वार्ड सारनाथ क्षेत्र में भी दो कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मौजा पहाड़िया में नंदलाल जायसवाल द्वारा लगभग 1000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत कोचिंग संस्थान संचालित किए जाने पर भवन के तीसरे तल को सील कर दिया गया।
वहीं पंचकोशी रोड, नई बस्ती में अमनदीप द्वारा लगभग 400 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना स्वीकृति बेसमेंट में लाइब्रेरी और भूतल पर कोचिंग संस्थान संचालित किए जाने पर संबंधित परिसर को मौके पर सील कर दिया गया।
सिगरा में बहुमंजिला भवन पर भी कार्रवाई
जोन-3 के अंतर्गत चन्द्रिका नगर, सिगरा स्थित वीरेंद्र प्रताप सिंह के बी+जी+4 भवन में भवन मानकों और स्वीकृत मानचित्र से जुड़ी अनियमितताएं पाए जाने पर नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए परिसर को सील कर दिया गया।
संकट मोचन, साकेत नगर और दुर्गाकुंड में चला सीलिंग अभियान
जोन-4 में VDA सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया। संकट मोचन मार्ग स्थित एलेन कोचिंग की पहली शाखा को सील किया गया। इसके अलावा साकेत नगर स्थित एलेन कोचिंग की दूसरी शाखा पर भी कार्रवाई करते हुए उसे बंद कराया गया।
इसी क्रम में ब्रह्मानन्द कॉलोनी, दुर्गाकुंड में संचालित एल-1 कोचिंग के भवन को सील किया गया। वहीं दुर्गाकुंड स्थित आकाश इंस्टीट्यूट और महेन्द्रा कोचिंग के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए संबंधित परिसरों को मौके पर सील कर दिया गया।
विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: VDA
VDA उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा, भवनों की संरचनात्मक मजबूती और शहरी नियोजन मानकों का पालन सुनिश्चित करना प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना मानचित्र स्वीकृति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत संचालित संस्थानों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों के संचालकों और भवन स्वामियों को निर्देश दिया कि वे प्राधिकरण के नियमों और भवन उपविधियों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा नियमानुसार कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ हादसे के बाद वाराणसी में VDA की बड़ी कार्रवाई, 8 कोचिंग संस्थान और अवैध भवन सील
लखनऊ कोचिंग आगजनी हादसे के बाद वाराणसी विकास प्राधिकरण ने सख्त अभियान चलाते हुए एलेन, आकाश, महेन्द्रा समेत 8 कोचिंग संस्थानों और भवनों को सील किया। VDA ने कहा कि कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।