MENU

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर झांसी में मुख्यमंत्री करेंगे नेतृत्व, उपमुख्यमंत्री व मंत्री संभालेंगे जिलों की जिम्मेदारी



 21/Jun/26

लखनऊ।12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को पूरे उत्तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष योग दिवस की थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" निर्धारित की गई है। प्रदेश सरकार ने योग दिवस को जनभागीदारी से जोड़ते हुए सभी 75 जनपदों में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्रियों, मंत्रियों तथा विभिन्न आयोगों और अकादमियों के पदाधिकारियों को कार्यक्रमों के संचालन और नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झांसी में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में भाग लेंगे। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज तथा उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक लखनऊ में आयोजित प्रमुख योग कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे।

### कैबिनेट मंत्रियों को सौंपी गई जनपदवार जिम्मेदारी

प्रदेश सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को शाहजहांपुर, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को देवरिया, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को गोरखपुर, महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य को आगरा, गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी को मथुरा, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को मैनपुरी, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह को बरेली, औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता "नन्दी" को चित्रकूट, श्रम मंत्री अनिल राजभर को चंदौली, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान को कानपुर नगर तथा नगर विकास मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा को मऊ की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय फिरोजाबाद, प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल मिर्जापुर, मत्स्य मंत्री संजय निषाद अम्बेडकरनगर, पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर गाजीपुर, परिवहन मंत्री दारा सिंह चौहान आजमगढ़, ऊर्जा मंत्री सुनील कुमार शर्मा गाजियाबाद, राजस्व मंत्री अनिल कुमार मुजफ्फरनगर, पंचायत राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी मुरादाबाद तथा विधि मंत्री मनोज पाण्डेय रायबरेली में योग कार्यक्रमों के मुख्य अतिथि होंगे।

### स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्रियों को भी मिली जिम्मेदारी

स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल हरदोई, कपिल देव अग्रवाल बिजनौर, रवीन्द्र जायसवाल वाराणसी, सन्दीप सिंह अलीगढ़, गुलाब देवी संभल, गिरीश चन्द्र यादव जौनपुर, धर्मवीर प्रजापति एटा, असीम अरुण कन्नौज, जे.पी.एस. राठौर अयोध्या, दयाशंकर सिंह बलिया, नरेन्द्र कुमार कश्यप गौतमबुद्धनगर, दिनेश प्रताप सिंह सुल्तानपुर, अरुण कुमार सक्सेना बदायूं तथा आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ झांसी में आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।

इसके अतिरिक्त अजीत सिंह पाल कानपुर देहात, सोमेंद्र तोमर मेरठ तथा मयंकेश्वर शरण सिंह अमेठी में योगाभ्यास कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे।

### राज्यमंत्रियों की भी रहेगी सक्रिय भागीदारी

राज्यमंत्री दिनेश खटीक हापुड़, संजीव गोंड सोनभद्र, बलदेव सिंह ओलख रामपुर, जसवन्त सिंह सैनी शामली, रामकेश निषाद बांदा, मनोहर लाल ‘मन्नू’ कोरी ललितपुर, संजय सिंह गंगवार पीलीभीत, बृजेश सिंह सहारनपुर, के.पी. मलिक बागपत, सुरेश राही सीतापुर, प्रतिभा शुक्ला फर्रुखाबाद, राकेश राठौर ‘गुरु’ बहराइच, रजनी तिवारी राज्यपाल के साथ जन भवन में, सतीश चन्द्र शर्मा बाराबंकी, दानिश आजाद अंसारी बस्ती, कृष्णा पासवान फतेहपुर, विजय लक्ष्मी गौतम देवरिया, कैलाश सिंह राजपूत इटावा, सुरेन्द्र दिलेर बुलंदशहर तथा हंस राज विश्वकर्मा भदोही में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

### आयोगों और अकादमियों के पदाधिकारियों को भी दी गई जिम्मेदारी

गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता को औरैया, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा को गोंडा, समाज कल्याण निर्माण निगम के अध्यक्ष वाई.पी. सिंह को अमरोहा, संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयन्त खोत को कौशाम्बी, ललित कला अकादमी के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा को उन्नाव तथा भारतेन्दु नाट्य अकादमी के अध्यक्ष डॉ. रतिशंकर त्रिपाठी को कुशीनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष बेचन राम संतकबीरनगर, जीत सिंह खरवार श्रावस्ती, पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली हमीरपुर, सूर्य प्रकाश पाल लखीमपुर खीरी, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल जालौन, जसवंत सिंह सिद्धार्थनगर तथा मद्यनिषेध परिषद के उपाध्यक्ष बृजेश शुक्ला कासगंज में कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे।

वहीं गौ सेवा आयोग के सदस्य रमाकान्त उपाध्याय प्रतापगढ़, दीपक गोयल हाथरस, राजेश सिंह सेंगर महोबा तथा अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत बलरामपुर में आयोजित योग दिवस कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। महाराजगंज जनपद को आरक्षित रखा गया है।

### योग दिवस को जन-आंदोलन बनाने की तैयारी

आयुष मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश और आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के मार्गदर्शन में इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की तैयारी की गई है। प्रदेश के प्रत्येक जिले में मंत्री अथवा वरिष्ठ पदाधिकारी की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है, जिससे आमजन की भागीदारी और उत्साह बढ़े।

उन्होंने बताया कि “हर घर योग, हर आयु योग” के संकल्प के साथ वाराणसी के नमो घाट, अस्सी घाट और सारनाथ सहित प्रदेश के सभी प्रमुख ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किया जाएगा। प्रदेशवासियों से अपील की गई है कि वे 21 जून को अपने निकटतम योग केंद्र पर पहुंचकर योग दिवस कार्यक्रम में सहभागिता करें और स्वस्थ उत्तर प्रदेश के निर्माण में योगदान दें।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5558


सबरंग