MENU

वाराणसी में अपराध नियंत्रण पर सख्त हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, विवेचनाओं की समय सीमा तय, मुहर्रम और NEET-2026 को लेकर दिए अहम निर्देश



 20/Jun/26

वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल ने कैंप कार्यालय में आयोजित राजपत्रित अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध विवेचना, आगामी मुहर्रम पर्व तथा NEET-2026 परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि सामान्य अपराधों की विवेचना 60 दिनों तथा जघन्य अपराधों की विवेचना 90 दिनों के भीतर पूर्ण की जाए। उन्होंने एससी-एसटी एक्ट, दहेज हत्या, गैंगस्टर एक्ट एवं एसआर श्रेणी के मामलों में विशेष संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रत्येक डीसीपी को अपने अधीनस्थ क्षेत्रों की विवेचनाओं की साप्ताहिक समीक्षा करने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। साथ ही गैंगस्टर अधिनियम से जुड़े मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण अधिकतम दो माह के भीतर करने पर जोर दिया गया।

अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस आयुक्त ने चिन्हित अपराधियों एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA), गुण्डा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट तथा हिस्ट्रीशीट जैसी वैधानिक कार्रवाई प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने तथा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण करने को कहा गया।

आगामी मुहर्रम पर्व के दृष्टिगत सभी अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों एवं जुलूस मार्गों का स्वयं भ्रमण करने, रूफटॉप ड्यूटी लगाने, ड्रोन कैमरों से निगरानी करने तथा अतिक्रमण की स्थिति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने पर बल दिया।

NEET-2026 परीक्षा को लेकर भी पुलिस आयुक्त ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सोशल मीडिया की सतत निगरानी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू सहित जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।

वाराणसी में अपराध नियंत्रण और मुहर्रम सुरक्षा को लेकर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल सख्त, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

वाराणसी पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने समीक्षा बैठक में अपराध नियंत्रण, समयबद्ध विवेचना, मुहर्रम सुरक्षा व्यवस्था और NEET-2026 परीक्षा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4469


सबरंग