MENU

डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' और हंसराज विश्वकर्मा ने नमो घाट पर अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह का किया शुभारंभ



 15/Jun/26

योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मिली वैश्विक पहचान; मंत्रीद्वय सहित सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

वाराणसी, 15 जून। नमो घाट पर सोमवार प्रातः अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' एवं प्रदेश के लघु एवं सूक्ष्म उद्योग राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मंत्रीद्वय सहित सैकड़ों की संख्या में उपस्थित पुरुषों एवं महिलाओं ने योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन पारस यादव पप्पूएवं डॉ. दीपिका दवे ने किया। योग सत्र का संचालन योग प्रशिक्षक दिनेश कुमार मौर्य एवं योग प्रशिक्षक आरती सिंह ने किया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो आज पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में योग को वैश्विक पहचान मिली है तथा आज विश्व के अनेक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जाता है।

विशिष्ट अतिथि एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में योग, आयुष एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए अनेक जनकल्याणकारी पहलें संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी की प्रेरणा से योग आज जन-जन के जीवन का अभिन्न अंग बनता जा रहा है।

मंत्रीद्वय ने योग को स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक सोच का आधार बताते हुए सभी नागरिकों से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अरविंद Kumar, डॉ. नितेश श्रीवास्तव, एसडीएम पवन कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय यादव, दिनेश यादव, गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव गप्पू’, आयुष मंत्री के पीआरओ गौरव राठी सहित आयुष, शिक्षा एवं अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

9318


सबरंग