डीजीपी राजीव कृष्णा ने पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में गेस्ट हाउस, जिम और क्रिकेट ग्राउंड का किया उद्घाटन
कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा की समीक्षा, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्णा ने रविवार को पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की पुलिस लाइन में नवनिर्मित गेस्ट हाउस, जिम और क्रिकेट ग्राउंड का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की तथा विभिन्न विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान डीजीपी ने थानों पर प्राप्त होने वाले प्रार्थना-पत्रों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि शिकायतकर्ताओं के प्रति पुलिस का व्यवहार संवेदनशील और सम्मानजनक होना चाहिए। उन्होंने जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
थाना दिवस और तहसील दिवस को प्रभावी बनाने पर जोर
डीजीपी ने थाना दिवस और तहसील दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्यवाही से जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाए।
सड़क दुर्घटनाओं और ट्रैफिक जाम पर हुई समीक्षा
बैठक में Zero Fatality District (ZFD) और Reduce Traffic Congestion (RTC) से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। डीजीपी ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स के सुधार तथा लोक निर्माण विभाग (PWD), राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति की समीक्षा
महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के तहत मिशन शक्ति, महिला परामर्श केंद्रों और जनसुनवाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए महिला संबंधी मामलों में गुणवत्तापूर्ण काउंसलिंग, नियमित फीडबैक और संवेदनशील पुलिसिंग पर विशेष बल दिया गया।
साइबर अपराधियों पर सख्ती के निर्देश
साइबर अपराध नियंत्रण की समीक्षा के दौरान डीजीपी ने साइबर अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, वित्तीय रिकवरी बढ़ाने तथा साइबर हेल्पलाइन की त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कमिश्नरेट वाराणसी की साइबर टीम के कार्यों की सराहना भी की गई।
मंदिर और घाटों की सुरक्षा व्यवस्था पर फोकस
बैठक में मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और ‘नो-टच पॉलिसी’ के अनुपालन की समीक्षा की गई। डीजीपी ने श्रद्धालुओं के प्रति पुलिस कर्मियों को शालीन एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा गंगा घाटों पर डीप वाटर बैरिकेडिंग, जल पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
जनप्रतिनिधियों से संवाद, प्रेस वार्ता में रखी बात
समीक्षा बैठक के बाद डीजीपी राजीव कृष्णा ने जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों से संवाद कर उनके सुझाव प्राप्त किए। बाद में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने प्रदेश में लागू जीरो टॉलरेंस नीति, महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साइबर अपराध नियंत्रण और अपराधों में कमी को उत्तर प्रदेश पुलिस की प्रमुख उपलब्धियां बताया।
डीजीपी राजीव कृष्णा का वाराणसी दौरा, पुलिस कमिश्नरेट में कानून-व्यवस्था और साइबर अपराध नियंत्रण की समीक्षा
डीजीपी राजीव कृष्णा ने पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में गेस्ट हाउस, जिम और क्रिकेट ग्राउंड का उद्घाटन किया। कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और यातायात व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए।