MENU

योग को जन-जन का अभियान बनाएं : आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' का आह्वान



 15/Jun/26

21 जून को 'योग से स्वस्थ काशी, स्वस्थ प्रदेश' का संकल्प लें: सामाजिक संस्थाओं से अपील

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, 21 जून 2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष,  राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने प्रदेश एवं काशी वासियों तथा सभी सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया है।

डॉ. दयालु ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से योग आज विश्व मंच पर भारत की पहचान बन चुका है। इस वर्ष का थीम 'योग स्वयं और समाज के लिए' है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति और सामाजिक समरसता का माध्यम भी है। 

आयुष मंत्री ने अपील की कि 21 जून को प्रदेश का प्रत्येक नागरिक, परिवार सहित, अपने घर, पार्क, घाट या सार्वजनिक स्थल पर योगाभ्यास करे। उन्होंने काशी वासियों से विशेष रूप से कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी से योग का संदेश पूरे विश्व में जाए। सभी स्कूल, कॉलेज, एनजीओ, योग संस्थाएं, व्यापारी संगठन एवं आरडब्ल्यूए बड़े स्तर पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित करें।

उन्होंने जानकारी दी कि आयुष विभाग द्वारा 21 जून को प्रदेश भर में जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर पर विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। काशी में नमो घाट, अस्सी घाट एवं दशाश्वमेध घाट पर मुख्य आयोजन होंगे। 

डॉ. दयालु ने कहा, "योग से रोग दूर होता है और समाज जुड़ता है। आइए, हम सब मिलकर 21 जून को 'योग से स्वस्थ काशी, स्वस्थ प्रदेश' का संकल्प लें और उत्तर प्रदेश को योग प्रदेश बनाने में अपना योगदान दें।"
 _आयुष मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी_ ने बताया कि मंत्री डॉक्टर दयालु  के निर्देशानुसार योग दिवस को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि काशी के सभी प्रमुख घाटों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर योग प्रशिक्षकों की व्यवस्था की गई है। राठी ने सभी स्वयंसेवी संगठनों एवं युवा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर 21 जून के कार्यक्रम को सफल बनाएं।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3158


सबरंग