MENU

वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनकल्याण शिविर में बांटे लाभ, बोले- वैश्विक संकट के बीच भी भारत मजबूती से खड़ा



 13/Jun/26

पीएम मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में स्ट्रीट वेंडर्स, उद्यमियों और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र एवं सहायता राशि

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी के चौकाघाट स्थित गिरिजादेवी सांस्कृतिक संकुल सभागार में आयोजित जनकल्याण शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक, क्रेडिट कार्ड और उपकरण वितरित किए। केंद्र सरकार के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं की उपलब्धियों को विस्तार से गिनाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज से 12 वर्ष पहले काशी ने देश को ऐसा नेतृत्व दिया, जिसने भारत की दिशा और दशा दोनों बदल दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। आज पूरी दुनिया भारत की प्रगति को सम्मान की दृष्टि से देख रही है और काशीवासियों को इस बात पर गर्व होना चाहिए कि देश के प्रधानमंत्री उनके सांसद हैं। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2014 से पहले और वर्तमान भारत की तुलना करते हुए कहा कि पहले भ्रष्टाचार, अविश्वास और असुरक्षा का माहौल था। किसानों, युवाओं और गरीबों के सामने अनेक चुनौतियां थीं। सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पाता था, लेकिन अब डिजिटल तकनीक और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने करोड़ों गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत करोड़ों शौचालयों का निर्माण हुआ, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीब परिवारों को पक्का घर मिला। आयुष्मान भारत योजना गरीबों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का बड़ा आधार बनी है। कोरोना महामारी का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट के समय देशवासियों को मुफ्त जांच, मुफ्त इलाज, मुफ्त वैक्सीन और मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत आज भी 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन दिया जा रहा है। ऊर्जा संकट और वैश्विक आर्थिक चुनौतियों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया के कई विकसित देशों की स्थिति कठिन बनी हुई है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण भारत अपने नागरिकों के हितों की रक्षा करने में सफल रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक ऊर्जा संकट के बावजूद भारत मजबूती से अपने नागरिकों के साथ खड़ा है। काशी के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है और आधुनिक बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत ट्रेनों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिल रहा है। साथ ही काशी के घाटों और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण ने देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित किया है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्ट्रीट वेंडर्स और उद्यमियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ प्रदान किए। पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत चेक तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत सिलाई मशीनें और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री के हाथों लाभ प्राप्त कर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया। इस अवसर पर प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री कालभैरव मंदिर तथा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

7604


सबरंग