वाराणसी। सुंदरपुर स्थित धीरेंद्र महिला पी.जी. कॉलेज में शुक्रवार को 'अभ्युदय नारी वंदन छात्रवृत्ति परीक्षा-2026' के विजेता प्रतिभागियों के सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए नकद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली खुशी यादव को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली अंजू तिवारी को 21 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली कविषा शाही सिंह को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
संस्था की चेयरपर्सन अंजू जायसवाल ने विजेता छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि "मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है।" उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति परीक्षा प्रतिभा की पहचान, आत्मविश्वास बढ़ाने और विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित करने, कठिन परिश्रम करने और स्वयं पर विश्वास बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ा जाए तो सफलता का रास्ता स्वयं बन जाता है।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ.नलिनी मिश्रा ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि नई पीढ़ी देश की बौद्धिक संपदा है और उनके विवेक एवं कौशल से भविष्य की मजबूत नींव तैयार होती है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा केवल व्यक्तिगत सम्मान का माध्यम नहीं, बल्कि सशक्त राष्ट्र निर्माण की आधारशिला भी है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ.प्रतिभा सिंह ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।