MENU

बनारस घराने के युवा गायक राहुल रोहित मिश्रा को मिला प्रतिष्ठित ‘उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार 2025’



 11/Jun/26

वाराणसी। बनारस की समृद्ध संगीत परंपरा के लिए गर्व का क्षण है। बनारस घराने के युवा शास्त्रीय गायक राहुल रोहित मिश्रा को भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत संगीत नाटक अकादमी द्वारा वर्ष 2025 के प्रतिष्ठित ‘उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार भारतीय संगीत, नृत्य एवं रंगमंच के क्षेत्र में युवा प्रतिभाओं को दिया जाने वाला देश के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक माना जाता है।

राहुल रोहित मिश्रा बनारस घराने की समृद्ध सांगीतिक परंपरा के प्रतिनिधि हैं। उन्हें संगीत विरासत के रूप में अपने परिवार से प्राप्त हुआ है। उनके दादाजी स्वर्गीय सारंगी सम्राट पंडित बैजनाथ प्रसाद मिश्रा भारतीय शास्त्रीय संगीत जगत के विख्यात सारंगी वादक रहे हैं। वहीं उनके नानाजी स्वर्गीय पंडित शारदा सहाय बनारस घराने के सुप्रसिद्ध तबला वादक थे, जिनका नाम आज भी संगीत जगत में अत्यंत सम्मान के साथ लिया जाता है।

राहुल रोहित मिश्रा के पिता पंडित त्रिलोकी नाथ मिश्रा स्वयं संगीत साधना से जुड़े रहे हैं और परिवार की सांगीतिक परंपरा को आगे बढ़ाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

राहुल रोहित मिश्रा ने हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की विधिवत शिक्षा भारत रत्न सम्मानित महान गायिका गिरिजा देवी के सान्निध्य में प्राप्त की। उनके मार्गदर्शन में राहुल ने गायन की बारीकियों को आत्मसात किया और कम उम्र में ही अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की।

राहुल रोहित मिश्रा एवं उनके भाई देश-विदेश के अनेक प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी प्रस्तुतियां दे चुके हैं। दोनों कलाकारों ने भारतीय शास्त्रीय संगीत की गौरवशाली परंपरा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्तमान में भी वे विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों एवं संगीत समारोहों में अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं।

हाल ही में भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) के माध्यम से राहुल रोहित मिश्रा फ्रांस में भारतीय शास्त्रीय संगीत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जहां उनकी प्रस्तुतियों को सराहना मिल रही है।

राहुल रोहित मिश्रा को प्राप्त यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत संगीत साधना का परिणाम है, बल्कि बनारस घराने की गौरवशाली परंपरा और काशी की सांस्कृतिक विरासत का भी सम्मान है। उनके इस ऐतिहासिक सम्मान से संगीत प्रेमियों एवं काशीवासियों में हर्ष का वातावरण है।

क्लाउन टाइम्स परिवार की ओर से राहुल रोहित मिश्रा को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।

— क्लाउन टाइम्स न्यूज़, वाराणसी


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

8691


सबरंग