MENU

वाराणसी: गोमती जोन में एंटी-रोमियो और मिशन शक्ति टीमों का विशेष अभियान, सार्वजनिक स्थलों पर मनचलों की सघन जांच



 01/Jun/26

वाराणसी। महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती जोन में सोमवार को व्यापक चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान के नेतृत्व में जोन के सभी थानों की एंटी-रोमियो और मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर मनचलों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की।

अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बैंक परिसरों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों, बाजारों, पार्कों तथा अन्य सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग की गई। टीमों ने संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखते हुए महिलाओं एवं छात्राओं से छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की जांच की।

पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया और आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई भी की। इसके साथ ही छात्राओं, महिलाओं एवं आम नागरिकों को महिला सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नंबरों, सहायता सेवाओं तथा मिशन शक्ति अभियान की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनजागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस उपायुक्त गोमती जोन ने कहा कि महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। गोमती जोन पुलिस महिलाओं और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6423


सबरंग