MENU

एपेक्स हॉस्पिटल में हाइपरबेरिक ऑक्सीजन थेरेपी (HBOT) पर सीएमई का आयोजन, आधुनिक उपचार तकनीकों पर हुई चर्चा



 01/Jun/26

वाराणसी। एपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एंड पीजीआई, वाराणसी में चिकित्सकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों को हाइपरबेरिक ऑक्सीजन थेरेपी (HBOT) की आधुनिक तकनीक, इसके क्लिनिकल उपयोग और मरीजों को मिलने वाले लाभों की जानकारी देने के उद्देश्य से एक विशेष सतत चिकित्सा शिक्षा (CME) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह के संरक्षण में किया गया।

कार्यक्रम में आईएमएस-बीएचयू के पूर्व विभागाध्यक्ष, प्लास्टिक सर्जरी प्रो. डॉ. प्रदीप जैन, प्लास्टिक सर्जन डॉ. राजीव कुमार, एपेक्स के निदेशक डॉ. स्वरूप पटेल, डॉ. अंकिता पटेल, कैंसर रिहैब विशेषज्ञ डॉ. दिबयेन्दु रॉय, ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट डॉ. सौम्याश्री, एचबीओटी विशेषज्ञ डॉ. दन्यनेश्वर ठाकुर तथा क्लीनिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. गौरव गोस्वामी उपस्थित रहे।

विशेषज्ञों ने केस प्रेजेंटेशन और वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से बताया कि हाइपरबेरिक ऑक्सीजन थेरेपी में मरीज को विशेष रूप से डिजाइन किए गए प्रेशर चैंबर में 100 प्रतिशत शुद्ध ऑक्सीजन दी जाती है। बढ़े हुए वायुदाब के कारण शरीर के ऊतकों तक अधिक मात्रा में ऑक्सीजन पहुंचती है, जिससे क्षतिग्रस्त ऊतकों की मरम्मत तेज होती है, संक्रमण नियंत्रण में सहायता मिलती है और घाव भरने की प्रक्रिया बेहतर होती है।

विशेषज्ञों के अनुसार यह थेरेपी डायबिटिक फुट अल्सर, लंबे समय से न भरने वाले घाव, रेडिएशन इंजरी, ऑस्टियोमायलाइटिस, कार्बन मोनोऑक्साइड विषाक्तता, कम्प्रोमाइज्ड ग्राफ्ट एवं फ्लैप्स तथा कैंसर उपचार के बाद उत्पन्न जटिलताओं के प्रबंधन में उपयोगी साबित हो रही है। आधुनिक चिकित्सा में इसे कई जटिल स्थितियों में रिकवरी को तेज करने वाली प्रभावी तकनीक माना जा रहा है।

शैक्षिक सत्र के दौरान डॉ. सौम्याश्री ने मूत्राशय एवं आंत्र संबंधी समस्याओं के लिए एपेक्स हॉस्पिटल में उपलब्ध पेल्विक चेयर थेरेपी तथा ब्लैडर एवं बाउल केयर से जुड़े आधुनिक उपचार विकल्पों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इसे इस क्षेत्र में चिकित्सा विज्ञान की नई दिशा बताया।

कार्यक्रम के समापन पर डॉ. स्वरूप पटेल ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एपेक्स हॉस्पिटल साक्ष्य-आधारित और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों को अपनाकर क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम का संचालन एचबीओटी थेरेपिस्ट स्मृति तथा संयोजन जीएम अमित रंजन द्वारा किया गया।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

7635


सबरंग