MENU

डॉ. एस.के. पाठक के नेतृत्व में विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर जागरूकता रैली, 276 लोगों के फेफड़ों की हुई नि:शुल्क जांच



 31/May/26

वाराणसी, 31 मई 2026। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर ब्रेथ ईजी चेस्ट फाउंडेशन फॉर ह्यूमैनिटी, अस्सी द्वारा रविवार को एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। "लत को मारो लात, तभी बनेगी बात" तथा "सिगरेट का धुआं आपको नहीं, आपके अपनों की खुशियों को जलाता है" जैसे संदेशों के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं एवं नागरिकों ने भाग लिया।

सुबह 7 बजे ब्रेथ ईजी चेस्ट सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, अस्सी से जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को वरिष्ठ श्वांस एवं फेफड़ा रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.के. पाठक एवं ब्रेथ ईजी की निर्देशिका श्रीमती सुनीता पाठक ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली अस्सी घाट स्थित सुबह-ए-बनारस मंच तक पहुंची, जहां लोगों को धूम्रपान, तम्बाकू एवं गुटखा सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान 276 लोगों के फेफड़ों की नि:शुल्क जांच की गई। जांच शिविर में ब्रेथ ईजी चेस्ट फाउंडेशन फॉर ह्यूमैनिटी के सदस्यों ने धूम्रपान और तम्बाकू सेवन से होने वाले नुकसान संबंधी पुस्तिकाएं एवं जागरूकता पर्चे वितरित किए। जांच के दौरान 60 प्रतिशत से अधिक लोगों के फेफड़ों की क्षमता सामान्य से कम पाई गई, जिस पर विशेषज्ञों ने चिंता व्यक्त की।

इस अवसर पर डॉ. एस.के. पाठक ने उपस्थित लोगों को तम्बाकू मुक्त जीवन की शपथ दिलाई। सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं तम्बाकू उत्पादों का सेवन नहीं करेंगे और दूसरों को भी इसके सेवन के लिए प्रेरित नहीं करेंगे। साथ ही समाज में तम्बाकू सेवन की प्रवृत्ति को रोकने के लिए जागरूकता फैलाने का भी संकल्प लिया।

डॉ. एस.के. पाठक ने कहा कि तम्बाकू एक धीमा जहर है, जो व्यक्ति को धीरे-धीरे गंभीर बीमारियों और मृत्यु की ओर ले जाता है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष दुनिया भर में लगभग 49 लाख लोगों की मृत्यु धूम्रपान से संबंधित कारणों से होती है। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग पैसिव स्मोकिंग अर्थात दूसरों के धूम्रपान के धुएं के संपर्क में आने से भी गंभीर बीमारियों का शिकार होते हैं।

उन्होंने कहा कि धूम्रपान और तम्बाकू सेवन से मुंह, गला, श्वासनली और फेफड़ों के कैंसर के अलावा हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, धमनी काठिन्य, पेट के अल्सर, अम्लपित्त और अनिद्रा जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। लोगों को समय रहते इस लत से दूर होकर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए।

मैक्स हॉस्पिटल, दिल्ली के श्वांस रोग विशेषज्ञ डॉ. स्वप्निल पाठक ने कहा कि तम्बाकू की लत अक्सर मित्रों के प्रभाव, सामाजिक दबाव, फिल्मों के प्रभाव या कम उम्र में स्वयं को बड़ा दिखाने की चाहत के कारण शुरू होती है, जो आगे चलकर गंभीर लत का रूप ले लेती है। उन्होंने युवाओं से तम्बाकू उत्पादों से दूर रहने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने बीड़ी, सिगरेट और गुटखा जैसे तम्बाकू उत्पादों का सांकेतिक दहन किया तथा उपस्थित नागरिकों से तम्बाकू मुक्त जीवन अपनाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर डॉ. स्वप्निल पाठक, सुनील उपाध्याय, अभिषेक केशरी, अश्वनी पाठक, रतन, विनीत, संजय सहित ब्रेथ ईजी चेस्ट फाउंडेशन फॉर ह्यूमैनिटी के अनेक सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6708


सबरंग