विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर एपेक्स हॉस्पिटल वाराणसी तथा एपेक्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग के संयुक्त तत्वावधान में रविवार प्रातः 6:00 बजे तंबाकू निषेध जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. सौरभ, डिस्ट्रिक्ट कंसल्टेंट, नेशनल टोबैको कंट्रोल प्रोग्राम, एपेक्स की निदेशिका डॉ अंकिता पटेल, उप-प्रधानाचार्य प्रो डॉ गीता द्वारा एपेक्स द्वारा संचालित नर्सिंग एवं एलाइड हेल्थ चिकित्सीय शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य डॉ पुनीत जायसवाल, डॉ अवनीश सिंह, क्लीनिकल असिस्टेंट डॉ आरसी राय एवं फैकल्टी, डीएनबी रेजीडेंट्स, चिकित्सकों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखा कर एपेक्स हॉस्पिटल प्रांगण से रैली को बीएलडब्ल्यू प्रांगण के लिए रवाना किया। प्रतिभागी छात्रों द्वारा "तंबाकू का आकर्षण एक भ्रम है" तथा "तंबाकू छोड़ें, जीवन जोड़ें" जैसे तंबाकू का सेवन न करने को प्रेरित करने वाले संदेशों के उद्धघोषों संग एपेक्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग पर रैली का समापन हुआ।
एपेक्स के कैंसर रोग विशेषज्ञों एवं नेशनल टोबैको कंट्रोल प्रोग्राम की टीम ने रैली को संबोधित करते हुए तंबाकू एवं निकोटीन उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया और युवाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन को तंबाकू के आकर्षण के पीछे छिपे स्वास्थ्य जोखिमों जैसे कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक, फेफड़ों की गंभीर बीमारियों एवं कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का प्रमुख कारण बताते हुए तंबाकू नियंत्रण, नशा मुक्ति और जनस्वास्थ्य संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए रैली में चिकित्सकों, नर्सिंग छात्र-छात्राओं, स्वास्थ्यकर्मियों एवं आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।