गाजीपुर, 30 मई 2026। गाजीपुर शहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित बिंदु होटल के सामने हुई हत्या की सनसनीखेज घटना के बाद वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) वैभव कृष्ण ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईराज राजा भी मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 11 बजे अष्टभुजी कॉलोनी निवासी विनीत राय की अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी वैभव कृष्ण ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा जांच की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के बाद उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने और मामले में निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही मीडिया को वीडियो बाइट के माध्यम से घटना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की।
डीआईजी ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन करने के निर्देश दिए तथा संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रभावी जांच कर जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और विभिन्न पहलुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।