वाराणसी, 29 मई 2026। विकासखंड चिरईगांव की ग्राम पंचायत जाल्हुपुर में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। चौपाल के दौरान प्राप्त शिकायतों में से शौचालय और पेंशन से जुड़ी पांच शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
ग्रामीणों ने सड़कों, नालियों, आवास, शौचालय, पेंशन, हर घर नल योजना और चकबंदी सहित विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। शौचालय से संबंधित मामलों में पात्र लाभार्थियों के आवेदन निर्धारित पोर्टल पर तत्काल दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। वहीं नाली, बाहा, सड़क और जलजमाव की समस्याओं के समाधान के लिए ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और ग्राम पंचायत को सर्वे कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया।
चौपाल में आवास योजना, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, कृषि विभाग की योजनाओं और फार्मर रजिस्ट्री जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। गर्मी के मौसम में पेयजल संकट न उत्पन्न हो, इसके लिए जल निगम और ग्राम पंचायत सचिव को हर घर नल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
अंश निर्धारण कार्य में लापरवाही और धीमी प्रगति पर लेखपाल को फटकार लगाते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत प्रमुख अभिषेक सिंह और मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों को बीज भी वितरित किए।
अपने संबोधन में मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीणों से आगामी जनगणना में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि जनगणना भविष्य की विकास योजनाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे सभी अपनी जिम्मेदारी समझकर सफल बनाएं।
कार्यक्रम में उपायुक्त (स्वतः रोजगार) पवन कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी विजय जायसवाल, उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला समाज कल्याण अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी छोटेलाल तिवारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, ग्रामीण और आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाएं उपस्थित रहीं।