वाराणसी में आगामी बकरीद पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बुधवार को गोदौलिया, चौक, दालमंडी, लंगड़ा हाफिज मस्जिद, जैतपुरा रोड और बकरिया मंडी क्षेत्र में सघन पैदल गश्त कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों, धर्मगुरुओं और स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर नमाज अदा नहीं की जाएगी। जरूरत पड़ने पर अलग-अलग पालियों में नमाज कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि कुर्बानी केवल घरों के अंदर और बंद परिसरों में ही की जाएगी। खुले स्थानों, सड़कों और सार्वजनिक मार्गों पर कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। कुर्बानी से जुड़ी फोटो या वीडियो पोस्ट करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ या विवादित सामग्री साझा न करें।
नगर निगम के सहयोग से साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कुर्बानी से निकलने वाले अपशिष्ट को केवल निर्धारित स्थलों या नगर निगम की गाड़ियों में डालने को कहा गया है। सड़क किनारे या खुले स्थानों पर गंदगी फैलाने पर कार्रवाई होगी।
प्रशासन ने प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूरी तरह रोक लगाने की बात कही है। निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे, सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी का सहारा लिया जाएगा। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी और मोबाइल गश्ती दल तैनात किए जाएंगे।
पुलिस प्रशासन के अनुसार वाराणसी में करीब 700 मस्जिदों और लगभग 80 ईदगाहों में बकरीद की नमाज अदा की जाएगी। सभी स्थानों पर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने लोगों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की है।