वाराणसी, 27 मई 2026। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने हरित एवं सतत भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए “ग्रीन मोबिलिटी अभियान” का शुभारम्भ किया। अभियान के तहत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 100 इलेक्ट्रिक (ई-) दुपहिया वाहनों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आयुक्त एस. राजलिंगम ने ई-वाहनों की चाबियां वितरित करते हुए पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों के अधिकाधिक उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ती पेट्रोल और डीजल कीमतों के बीच ई-वाहन पर्यावरण के साथ-साथ आर्थिक दृष्टि से भी बेहद लाभकारी साबित होंगे।
उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य कर्मचारियों को ई-वाहनों के उपयोग के लिए प्रेरित करना तथा स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देना है। प्राधिकरण के अनुसार इस पहल से प्रतिदिन लगभग 300 से 400 लीटर पेट्रोल एवं डीजल की बचत होने का अनुमान है, जिससे कार्बन उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी आएगी।
वीडीए ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण की सफलता को देखते हुए अतिरिक्त ई-वाहनों का ऑर्डर भी दिया गया है। कर्मचारियों को ई-वाहन खरीदने के लिए विभिन्न कंपनियों एवं डीलरों से संस्थागत छूट दिलाने की पहल की जा रही है। साथ ही बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के सहयोग से आसान और कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
प्राधिकरण द्वारा राज्य एवं केंद्र सरकार की ई-वाहन सब्सिडी योजनाओं, रोड टैक्स एवं पंजीकरण शुल्क में छूट का लाभ भी कर्मचारियों को दिलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त वीडीए के मुख्य एवं ज़ोनल कार्यालयों में ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं, जिनका लाभ आम नागरिक भी उठा सकेंगे।
वाराणसी विकास प्राधिकरण का लक्ष्य शहर को स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में विकसित करना है। प्राधिकरण ने भविष्य में भी सतत शहरी विकास एवं जनहित से जुड़ी नवाचारी योजनाओं को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।