वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) द्वारा विकसित की जा रही महत्वाकांक्षी टाउनशिप परियोजनाओं—आनंद काशी योजना (कल्लीपुर) और रुद्र विहार योजना (मढ़नी)— के अंतर्गत भूमि उपलब्ध कराने वाले काश्तकारों के सम्मान में मंगलवार को विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लैंड पूलिंग के माध्यम से विकास योजनाओं में सहयोग देने वाले किसानों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में आयुक्त एस. राजलिंगम और वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने किसानों की सहभागिता को विकास की नई सोच बताते हुए कहा कि यह मॉडल भविष्य में पूर्वांचल के शहरी विकास की दिशा तय करेगा।
आयुक्त एस. राजलिंगम ने कहा कि कल्लीपुर और मढ़नी में विकसित की जा रही टाउनशिप परियोजनाएं केवल आवासीय योजनाएं नहीं हैं, बल्कि यह पूर्वांचल के समग्र विकास की ऐतिहासिक पहल हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद ऐसा अवसर आया है जब किसानों ने विकास प्राधिकरण की योजनाओं पर भरोसा जताते हुए स्वेच्छा से अपनी भूमि लैंड पूलिंग के माध्यम से उपलब्ध कराई है।
उन्होंने कहा कि पिछले करीब 30 वर्षों में पहली बार पूर्वांचल में लैंड पूलिंग व्यवस्था को किसानों का इतना व्यापक समर्थन मिला है। यह सहयोग प्रशासन और किसानों के बीच बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। आयुक्त ने कहा कि किसानों की भागीदारी के बिना किसी भी बड़ी विकास योजना को सफल नहीं बनाया जा सकता और वाराणसी में यह मॉडल एक मिसाल के रूप में उभर रहा है।
आयुक्त ने वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके निर्देशन में प्राधिकरण की टीम ने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को धरातल पर उतारने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना विकास, विश्वास और जनसहभागिता का प्रतीक बन चुकी है।
उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने भी किसानों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लैंड पूलिंग मॉडल किसानों और विकास प्राधिकरण दोनों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है। इससे योजनाबद्ध तरीके से आधुनिक टाउनशिप विकसित करने में मदद मिलेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क, आवास, जलनिकासी, हरित क्षेत्र तथा अन्य आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
सम्मान समारोह के दौरान रुद्र विहार योजना, मढ़नी से जुड़े 20 काश्तकारों तथा आनंद काशी योजना, कल्लीपुर से जुड़े 22 काश्तकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने भी योजनाओं के प्रति विश्वास जताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और आने वाली पीढ़ियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
कार्यक्रम में सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा सहित विकास प्राधिकरण के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और किसानों ने इसे प्रशासन तथा जनता के बीच बढ़ते विश्वास का सकारात्मक संकेत बताया।