वाराणसी। मंडलायुक्त एस राजलिंगम की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में मण्डलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों / परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने सीएम डैशबोर्ड में प्रदर्शित रैंकिंग पर भी विशेष ध्यान देने हेतु निर्देशित किया। पीएम सूर्य घर योजना में रैंक पीछे होने पर जिलाधिकारी गाजीपुर व चंदौली को योजना में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। जननी सुरक्षा योजना, टीबी मरीज को दी जाने वाली धनराशि में तेजी से प्रगति सुनिश्चित करने को सभी को निर्देशित किया गया।
जलनिगम द्वारा किए गए कार्यों तथा सड़कों की खुदाई के उपरांत उनकी मरम्मत का मुद्दा भी बैठक में उठा जिसमें बताया गया कि वाराणसी में 28 मार्गों, चंदौली में 48, जौनपुर में 16 तथा गाजीपुर में 9 मार्गों का सुदृढ़ीकरण किया जाना शेष है। मंडलायुक्त ने रोड रिस्टोरेशन के कार्यों में ग्राम प्रधानों से समन्वय बनाकर शीघ्रता से कार्य करने हेतु निर्देशित किया। जौनपुर को फैमिली आईडी के कार्यों में प्रगति हेतु निर्देशित किया गया।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण में कम रैंक पर डीडी पंचायत से नाराज़गी जाहिर करते हुए अपेक्षित प्रगति लाये जाने को निर्देशित किया गया। सभी अधिकारी महीने की 25 तारीख से ही डाटा की एंट्री को देखना सुनिश्चित करें ताकि मंडल को उचित रैंक मिल सके। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवासों के निर्माण में प्रगति हेतु जौनपुर व चंदौली को निर्देशित किया गया। सेतुओं के निर्माण में देरी पर जिलाधिकारी जौनपुर को समीक्षा करके अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
मंडलायुक्त द्वारा अवैध खनन, गैस सिलेंडर की प्रतिदिन की उपलब्धता, पेट्रोल पंपों पर गर्मी के दृष्टिगत छाया एवं पेयजल की उपलब्धता, उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता, इन प्रमुख मुद्दों पर सभी जिलाधिकारी लगातार ध्यान देना सुनिश्चित करें। इनकी प्रतिदिन मॉनिटरिंग होना सुनिश्चित हो। आईजीआरएस रैंकिंग में गुणवत्ता के साथ निस्तारण सुनिश्चित हो, इसकी मॉनिटरिंग लगातार तहसील स्तर पर होना सुनिश्चित हो। शिकायतों का फॉलोअप लेना तथा मौके पर उनका निस्तारण सुनिश्चित हो। ब्लॉक लेवल पर आयोजित होने वाली चौपालों का रोस्टर अविलंब तैयार करने तथा मौके पर आने वाली शिकायतों तथा पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही लाभांवित कराना सुनिश्चित करें।
एंटी-भूमाफिया, राजस्व वादों का उचित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण होना सुनिश्चित हो। पीठासीन अधिकारी पांच वर्ष एवं तीन वर्षों से अधिक के लंबित वादों पर विशेष ध्यान देकर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें। रोड सेफ्टी हेतु विद्यालयी वाहनों, बसों का निरीक्षण कर उनकी फिटनेस की शतप्रतिशत जांच सुनिश्चित हो।
रानी लक्ष्मीबाई योजना में कोई प्रकरण लंबित न हो, इसका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित हो। लंबित आंगनबाड़ी की नियुक्ति को अविलंब कराने हेतु जिलाधिकारी गाजीपुर को निर्देशित किया गया। हिट एंड रन मामले को देखने तथा पीड़ित परिवार को मुआवजा हेतु सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया। बिजली की पर्याप्त आपूर्ति होना सुनिश्चित हो तथा लगातार इसकी मॉनिटरिंग करते रहें। बार - बार हो रही ट्रिपिंग को सुधारें।
बैठक में राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, पेयजल, ग्रामीण विकास, कृषि एवं लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शिता एवं तत्परता के साथ पहुंचाया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण तथा शिकायतों के समाधान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण किया जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, सीडीओ प्रखर कुमार समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिलाधिकारी जौनपुर, गाजीपुर तथा चंदौली वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे।