संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए होगा सम्मानित, लोक सेवा समिति ने किया चयन
रांची। झारखंड की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था लोक सेवा समिति ने वर्ष 2026 के लिए अपने सर्वोच्च सम्मान "झारखंड रत्न" से सुप्रसिद्ध ध्रुपद धमार गायक शैलेंद्र कुमार पाठक को सम्मानित करने की घोषणा की है। यह सम्मान उन्हें भारतीय शास्त्रीय संगीत, विशेष रूप से ध्रुपद धमार गायन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान, समर्पण और दीर्घकालिक साधना के लिए प्रदान किया जाएगा।
लोक सेवा समिति की चयन समिति ने सर्वसम्मति से शैलेंद्र कुमार पाठक के नाम का चयन किया। संस्था ने उनके संगीत क्षेत्र में किए गए महत्वपूर्ण कार्यों और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में निभाई गई भूमिका को सम्मान के योग्य माना है।
संस्था के संस्थापक एवं केंद्रीय अध्यक्ष मोहम्मद नौशाद खान तथा चयन समिति के संयोजक एवं वरिष्ठ पत्रकार चंचल भट्टाचार्य ने संयुक्त रूप से बताया कि लोक सेवा समिति पिछले 35 वर्षों से समाज सेवा, शिक्षा, संस्कृति, साहित्य, कला और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करती आ रही है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में शैलेंद्र कुमार पाठक को "झारखंड रत्न" सम्मान प्रदान करना संस्था के लिए गर्व का विषय है। उनके सम्मानित होने से न केवल संस्था बल्कि पूरे झारखंड और संगीत प्रेमियों को गौरव की अनुभूति होगी।
लोक सेवा समिति के अनुसार, शैलेंद्र कुमार पाठक ने ध्रुपद धमार गायन की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके योगदान ने भारतीय शास्त्रीय संगीत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायता की है।
यह सम्मान समारोह संस्था के 35वें स्थापना वर्ष के अवसर पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
यही वेबसाइट की खबर है।