वाराणसी 23 मई। वाराणसी के दूध विनायक स्थित श्री वल्लभ पाठक गुरु जी के निवास पर आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में 33 जोड़ों के भोजन की व्यवस्था के दौरान छत पर गैस सिलेंडर की पाइप में आग लगने से हुई दुर्घटना अत्यंत दुःखद रही।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ मौके पर पहुँचे तथा पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने परिजनों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी के अनुसार इसके पश्चात आयुष मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ कबीर चौराहा स्थित श्री शिव प्रसाद गुप्त अस्पताल पहुँचे, जहाँ उन्होंने घायलों का हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार को घायलों के समुचित एवं त्वरित उपचार के निर्देश भी दिए।
आयुष मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है तथा सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस दौरान संजय विश्वंभरी, संतोष सैनी, जय विश्वकर्मा, सौरभ राय आदि आदि मौजूद थे