MENU

थाना फूलपुर प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में हत्या प्रकरण में दो और अभियुक्त गिरफ्तार, मनीष सिंह हत्याकांड में लगातार जारी है पुलिस कार्रवाई



 21/May/26

वाराणसी। थाना फूलपुर क्षेत्र के ग्राम घमहापुर में सड़क दुर्घटना के बाद उत्पन्न विवाद में कार चालक मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के चर्चित मामले में थाना फूलपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र के पर्यवेक्षण में चल रही लगातार कार्रवाई के क्रम में थाना फूलपुर पुलिस टीम ने हत्या प्रकरण में प्रकाश में आए दो और अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।

गौरतलब है कि दिनांक 26 अप्रैल 2026 को थाना फूलपुर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम घमहापुर में एक अनियंत्रित कार द्वारा एक महिला को टक्कर लग जाने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों ने कार चालक मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना फूलपुर में मु00सं0-132/2026 धारा 190, 191(2), 103(2), 324(5), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान एवं अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र द्वारा पूरे प्रकरण की लगातार स्वयं मॉनिटरिंग की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश, छापेमारी एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।

प्रकरण में अब तक कई अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। दिनांक 28 अप्रैल 2026 को मनोज प्रजापति, हरिश्चन्द्र राजभर, योगेन्द्र प्रजापति एवं अभिषेक उर्फ बुद्धू को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद दिनांक 03 मई 2026 को फरार अभियुक्तों को शरण देने वाले किशन कुमार, आशीष कुमार, अजय कुमार, प्रदीप भारद्वाज एवं शिव मोहन Rajbhar को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

पुलिस द्वारा फरार चल रहे वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। अभियुक्तों पर पहले 25 हजार रुपये तथा बाद में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

दिनांक 04 मई 2026 को थाना फूलपुर एवं एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा पुलिस मुठभेड़ के दौरान 50-50 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त आशीष राजभर एवं मनीष राजभर को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उनके कब्जे से .315 बोर के तमंचे एवं जिंदा कारतूस भी बरामद किए थे।

इसके बाद दिनांक 05 मई 2026 को अभियुक्तों को शरण देने वाले शिवचन्द प्रसाद, मुकुन्द लाल, किसन पुत्र बिरजू एवं गणेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। वहीं पुलिस की लगातार दबिश एवं कार्रवाई के दबाव में आकर दिनांक 08 मई 2026 को 50-50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त नागेंद्र राजभर एवं गोविंद राजभर ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था।

इसी क्रम में अब थाना फूलपुर की गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कठिराव तिराहे के पास से घटना में शामिल दो और अभियुक्तों राजेश प्रजापति पुत्र भोला प्रजापति उम्र करीब 33 वर्ष तथा बृजेश प्रजापति पुत्र भोला प्रजापति उम्र करीब 30 वर्ष निवासीगण ग्राम घमहापुर थाना फूलपुर वाराणसी को गिरफ्तार किया है। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश अभी भी जारी है तथा शेष अभियुक्तों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक रितेश कुमार, हेड कांस्टेबल योगेन्द्र यादव, आरक्षी अक्षय यादव, आरक्षी रूपचन्द्र सरोज, आरक्षी प्रकाश यादव तथा रिजर्व आरक्षी सुशील कुमार यादव शामिल रहे।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6652


सबरंग