MENU

जौनपुर जंक्शन यार्ड री-मॉडलिंग कार्य का निरीक्षण, डीआरएम ने दिए गुणवत्ता और सुरक्षा के निर्देश



 21/May/26

उत्तर रेलवे के सुनील कुमार वर्मा ने मंगलवार को जौनपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर चल रहे यार्ड री-मॉडलिंग कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

लखनऊ मंडल के अयोध्या कैंटअकबरपुरजफराबाद रेलखंड पर स्थित जौनपुर जंक्शन स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और रेल संचालन को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से यार्ड री-मॉडलिंग कार्य किया जा रहा है। इसके तहत 4 मई 2026 से 27 मई 2026 तक कुल 24 दिनों के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग ब्लॉक लिया गया है।

परियोजना के अंतर्गत स्टेशन यार्ड, ट्रैक संरचना, पॉइंट एवं क्रॉसिंग तथा सिग्नलिंग सिस्टम का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने ट्रैक, सिग्नल और विद्युत कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।

 

यार्ड री-मॉडलिंग के तहत पुराने ट्रैक विन्यास में बदलाव कर अधिक उपयोगी ट्रैक लेआउट विकसित किया जा रहा है, जिससे ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के लिए बेहतर मार्ग उपलब्ध हो सकेंगे। साथ ही पुराने पॉइंट एवं क्रॉसिंग को बदलकर नई उच्च क्षमता वाली संरचनाएं स्थापित की जा रही हैं, जिससे ट्रेनों की गति और सुरक्षा दोनों में सुधार होगा।

परियोजना में आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग एवं सिग्नलिंग प्रणाली भी स्थापित की जा रही है, जिससे रेल संचालन अधिक सुरक्षित और नियंत्रित हो सकेगा। ट्रैक परिवर्तन के अनुरूप ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर और पोल की स्थिति में भी आवश्यक संशोधन किए जा रहे हैं। प्लेटफॉर्म कनेक्टिविटी को बेहतर बनाकर एक साथ अधिक ट्रेनों के संचालन की क्षमता विकसित की जा रही है, जिससे ट्रेनों की क्रॉसिंग में लगने वाला समय कम होगा।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर रनिंग रूम का भी जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद गार्ड और ड्राइवरों से भोजन की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा पावर केबिन पहुंचकर कार्यरत कर्मचारियों के तकनीकी ज्ञान का परीक्षण भी किया।

 

निरीक्षण के अगले चरण में मंडल रेल प्रबंधक ने अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत बन रही नई स्टेशन बिल्डिंग का निरीक्षण किया। साथ ही कटेहरी-गोसाईगंज के मध्य गेट संख्या 92C पर निर्माणाधीन अंडरपास का भी जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीआरएम ने कहा कि यार्ड री-मॉडलिंग कार्य पूरा होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेन संचालन की गति और समयबद्धता में सुधार होगा। इससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर रेल सेवाएं मिल सकेंगी, साथ ही भविष्य की बढ़ती रेल यातायात आवश्यकताओं के अनुरूप स्टेशन की क्षमता में भी वृद्धि होगी।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

1434


सबरंग